अग्निवीरों को 2 साल की अतिरिक्त सेवा का मौका! CM साय ने PM मोदी के लिए कही यह बात VIDEO
सीजी सीएम
रायपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा अग्निवीरों के लिए दो वर्ष की अतिरिक्त सेवा अवधि को मंजूरी दिए जाने के फैसले का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वागत किया है। उन्होंने इस निर्णय को अभिनंदनीय और दूरदर्शी पहल बताते हुए कहा कि इससे देश के युवाओं को राष्ट्रसेवा के साथ सैन्य क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार भी व्यक्त किया। केंद्र सरकार ने अग्निपथ योजना के अंतर्गत अग्निवीरों के लिए दो वर्ष के अतिरिक्त ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ को मंजूरी दी है। नई व्यवस्था के तहत प्रारंभिक चार वर्ष की सेवा पूरी करने वाले शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों को उनकी इच्छा के आधार पर दो वर्ष और सशस्त्र बलों में सेवा करने का विकल्प मिलेगा।
चार साल के बाद दो साल और सेवा करने का अवसर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इस फैसले से अग्निवीरों को अपने अनुभव और कौशल का उपयोग लंबे समय तक राष्ट्रहित में करने का अवसर मिलेगा। सेना में चार वर्ष तक प्रशिक्षण और सेवा का अनुभव प्राप्त करने वाले युवाओं की क्षमताओं का लाभ देश की रक्षा व्यवस्था को भी मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि अग्निवीरों की ऊर्जा, अनुशासन, कौशल और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण देश की महत्वपूर्ण ताकत है। अतिरिक्त सेवा अवधि से इन युवाओं को सैन्य क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए अधिक समय और अवसर प्राप्त होंगे।
नियमित सैन्य सेवा में शामिल होने का भी खुलेगा रास्ता
केंद्रीय मंत्रिमंडल के निर्णय के अनुसार, पहले से निर्धारित व्यवस्था के तहत योग्यता के आधार पर 25 प्रतिशत अग्निवीरों को नियमित सैन्य सेवा में शामिल करने का प्रावधान जारी रहेगा। वहीं शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों को अपनी इच्छा के आधार पर दो वर्ष की अतिरिक्त सेवा का अवसर दिया जाएगा। इस अतिरिक्त कार्यकाल के बाद इच्छुक अग्निवीर निर्धारित चयन मानदंडों को पूरा करने पर नियमित सैनिक के रूप में शामिल होने के पात्र होंगे। हालांकि, नियमित सैन्य सेवा में शामिल होना निर्धारित पात्रता और चयन मानदंडों पर निर्भर करेगा।
युवाओं के अनुभव का मिलेगा देश को लाभ
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अग्निवीरों ने सैन्य सेवा के दौरान अनुशासन, साहस, तकनीकी दक्षता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना का परिचय दिया है। दो वर्ष की अतिरिक्त सेवा अवधि से उनके अनुभव और क्षमताओं का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा व्यवस्था को प्रशिक्षित और अनुभवी युवाओं की सेवाओं का लाभ मिलना महत्वपूर्ण है। केंद्र सरकार का यह निर्णय युवाओं के भविष्य और देश की सुरक्षा व्यवस्था, दोनों के लिहाज से सकारात्मक कदम है।
अतिरिक्त सेवा अवधि में मिलेंगे नए लाभ
केंद्र सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, दूसरी सेवा अवधि के दौरान अग्निवीरों के लिए अधिक पारिश्रमिक, उन्नत सेवा निधि पैकेज और वरिष्ठता से जुड़े लाभों का भी प्रावधान किया गया है। सरकार ने यह निर्णय पिछले चार वर्षों में अग्निवीरों के प्रदर्शन, प्रशिक्षण, शारीरिक क्षमता और तकनीकी दक्षता के मूल्यांकन के आधार पर लिया है। इससे अग्निपथ योजना के अंतर्गत सेवा कर रहे युवाओं को आगे की सैन्य सेवा के लिए अतिरिक्त अवसर उपलब्ध होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी के प्रति मुख्यमंत्री ने जताया आभार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा लिया गया यह निर्णय राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित युवाओं के मनोबल को नई ऊंचाई प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से युवाओं को सैन्य सेवा में आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे और उनकी क्षमताओं का उपयोग राष्ट्र की सुरक्षा तथा विकास में बेहतर ढंग से हो सकेगा। मुख्यमंत्री ने इसे देश के युवाओं के हित में उठाया गया दूरदर्शी कदम बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।