पुरानी लेन-देन की रंजिश में मारपीट का मामला, आरोपी अनुज यादव गिरफ्तार

छग

Update: 2026-01-20 16:42 GMT
Raigarh. रायगढ़। थाना जूटमिल क्षेत्र के झोपड़ीपारा में पुरानी लेन-देन की रंजिश के कारण हुई गंभीर मारपीट के मामले में जूटमिल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर अजमानतीय धाराओं के तहत रिमांड पर भेज दिया। घटना की जानकारी पीड़ित के पिता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट पर हुई, जिसके आधार पर प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई थी। घटना दिनांक 11 जनवरी 2026 की रात लगभग 10:00 बजे कबीर चौक झोपड़ीपारा में हुई। पीड़ित भास्कर दास के पिता स्वरूप दास ने रिपोर्ट में बताया कि आरोपी अनुज यादव पुराने आपसी पैसों के लेन-देन को लेकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने लगा। इसी दौरान आरोपी ने ईंट से भास्कर के सिर पर वार किया और चाकूनुमा वस्तु से कमर पर हमला किया, जिससे भास्कर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में भास्कर को उपचार हेतु जिला अस्पताल रायगढ़ में भर्ती कराया गया।


प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 12/26, धारा 296, 351(3), 115(2) भारतीय दंड संहिता के तहत मामला पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान पीड़ित भास्कर दास उर्फ मोनू का मेडिकल परीक्षण कराया गया। रिपोर्ट के आधार पर आरोपी अनुज यादव के विरुद्ध धारा 118(1) आई.पी.सी. की धाराएं भी जोड़ी गईं। पुलिस ने आरोपी अनुज यादव पिता दिलहरण यादव, उम्र 18 वर्ष को तलब कर घटना की पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। घटना में प्रयुक्त चाकू और ईंट का टुकड़ा आरोपी के
मेमोरण्डम
कथन के आधार पर गवाहों के समक्ष जप्त किए गए। आरोपी को 20 जनवरी 2026 को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया। संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक प्रशांत राव, सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र पटेल और हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जूटमिल पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में आदतन मारपीट और हिंसा करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे असामाजिक गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Tags:    

Similar News