राजेंद्र नगर में व्यापारी से 55 हजार की साइबर ठगी, मोबाइल लिंक भेजकर खाते से उड़ाई रकम

Update: 2026-04-27 09:24 GMT

रायपुर। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक व्यापारी के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जहां लाइफ इंश्योरेंस प्लान की पेमेंट डेट ड्यू होने का झांसा देकर अज्ञात ठग ने 55 हजार रुपये की रकम ठग ली। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेंद्र नगर क्षेत्र निवासी व्यापारी भारत लाल वाधवानी के मोबाइल पर एक कॉल और मैसेज प्राप्त हुआ, जिसमें खुद को लाइफ इंश्योरेंस कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए पॉलिसी की प्रीमियम राशि की अंतिम तिथि निकलने की सूचना दी गई। ठग ने भरोसा दिलाने के लिए एक मोबाइल लिंक भेजा और तत्काल भुगतान करने का दबाव बनाया।जैसे ही व्यापारी ने लिंक पर क्लिक कर आवश्यक जानकारी दर्ज की, उनके बैंक खाते से 55 हजार रुपये की राशि कट गई। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 66-D आईटी एक्ट और बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और साइबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और बैंक या बीमा संबंधी जानकारी फोन या मैसेज के माध्यम से साझा करने से बचें, क्योंकि साइबर ठग नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं।

Tags:    

Similar News