रायपुर में बड़ा ड्रग्स नेटवर्क ध्वस्त, अब तक 24 ड्रग तस्कर गिरफ्तार

छग

Update: 2025-09-01 14:38 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय नेटवर्क को ध्वस्त किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की अगुवाई में टिकरापारा, कबीर नगर और गंज थाने की संयुक्त कार्रवाई में पंजाब के बड़े सप्लायरों और स्थानीय नेटवर्क के कुल दर्जनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान पुलिस ने करोड़ों रुपए कीमत की हेरोइन (चिट्टा), एमडीएमए ड्रग्स, अफीम, हथियार, कार, मोटरसाइकिल और बड़ी संख्या में मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह नेटवर्क पाकिस्तान से होकर पंजाब के रास्ते रायपुर तक सक्रिय था, जिसका पर्दाफाश करना एक बड़ी सफलता है।
टिकरापारा थाना – पंजाब नेटवर्क से जुड़ा बड़ा खुलासा
टिकरापारा थाना क्षेत्र में दर्ज अपराध क्रमांक 600/25 धारा 21सी, 29 नारकोटिक एक्ट के तहत पुलिस ने 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से करीब 1 करोड़ रुपए कीमत की 412.87 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), कई मोबाइल फोन, क्रेटा कार (सीजी/04/क्यूएच/7491), तौल मशीन, सिल्वर रोल पेपर, जली हुई नोट, एटीएम कार्ड और चेकबुक जब्त किए गए।
जांच के दौरान सामने आया कि इस नेटवर्क का संचालन पंजाब निवासी लवजीत सिंह कर रहा था, जिसे हेरोइन सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी चरणजीत सिंह उर्फ चांद और गुरजीत सिंह उर्फ गुरुजी (दोनों निवासी अमृतसर, पंजाब) थे। पुलिस ने दोनों को पंजाब से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया है।


कबीर नगर थाना – हेरोइन, अफीम और हथियारों का जखीरा जब्त
थाना कबीर नगर क्षेत्र में अपराध क्रमांक 190/25 धारा 21सी, 21बी, 29 नारकोटिक एक्ट और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। एंटी क्राइम और थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 91 ग्राम अफीम, 87 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 1 कंट्री मेड पिस्टल, 82 जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त 4 मोबाइल फोन जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कीमत लगभग 35 लाख रुपए आंकी गई है। इस मामले में मुख्य आरोपी रूपिंदर सिंह उर्फ पिंडर उर्फ पाबलो को सप्लाई करने वाले आरोपी जशनदीप सिंह उर्फ लव को गिरफ्तार किया गया है। वह अमृतसर जिले के मलियान गांव का निवासी है।
गंज थाना – रेलवे स्टेशन के पास एमडीएमए के साथ गिरफ्तारियां
थाना गंज क्षेत्र के अंतर्गत अपराध क्रमांक 222/25 धारा 21सी, 29 नारकोटिक एक्ट में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। 23 अगस्त को एंटी क्राइम यूनिट और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने देवेंद्र नगर ओवर ब्रिज के नीचे रेलवे स्टेशन के पास एक सोनेट कार (सीजी 04 क्यूजे 5466) से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 27.58 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स, नगदी 85,300 रुपए, और 5 मोबाइल फोन जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कीमत लगभग 20 लाख रुपए बताई जा रही है। जांच में आरोपी अयान परवेज (निवासी यश विहार, मोती नगर, टिकरापारा, रायपुर) का नाम सामने आया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर उससे घटना से संबंधित मोबाइल फोन भी जब्त किया।
पुलिस अधिकारियों का बयान
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि रायपुर पुलिस लगातार ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ अभियान चला रही है। उनका स्पष्ट निर्देश है कि सप्लायरों और स्थानीय नेटवर्क के गठजोड़ को तोड़ा जाए, ताकि युवाओं तक नशा पहुंच ही न सके। उन्होंने कहा कि “यह कार्रवाई अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय नेटवर्क को खत्म करने की दिशा में बड़ी सफलता है। हमारी प्राथमिकता है कि नशे का धंधा करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा न जाए और इस नेटवर्क से जुड़े हर शख्स तक पुलिस पहुंचे।”
गिरफ्तार आरोपियों की सूची (मुख्य नाम)
चरणजीत सिंह उर्फ चांद – निवासी दशमेश नगर, अमृतसर (पंजाब)
गुरजीत सिंह उर्फ गुरुजी – निवासी दशमेश नगर, अमृतसर (पंजाब)
जशनदीप सिंह उर्फ लव – निवासी ग्राम मलियान, अमृतसर (पंजाब)
अयान परवेज – निवासी यश विहार, मोती नगर, रायपुर
इसके अलावा स्थानीय स्तर पर 22 से अधिक आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।
Tags:    

Similar News