Raipur. रायपुर। रायपुर नगर निगम के पर्यावरण एवं उद्यानिकी विभाग तथा जोन-5 के तत्वावधान में शनिवार को “एक पेड़ माँ के नाम” महाभियान के अंतर्गत डॉक्टर खूबचंद बघेल उद्यान, चंगोराभाठा में सामूहिक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, महापौर मीनल चौबे, दक्षिण विधायक सुनील सोनी, नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़, पार्षदगण और स्कूली बच्चों ने मौलश्री, अशोक, शीशम, गुलमोहर, कचनार प्रजातियों के 70 पौधे रोपित किए।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने प्रत्येक पौधे को वृक्ष बनने तक खाद, पानी देने और उसकी सुरक्षा करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बच्चों की भागीदारी ने इसे और अधिक प्रेरणादायक बना दिया। कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आव्हान और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाना और रायपुर को हरित, स्वच्छ व सुंदर स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करना है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा, "हर व्यक्ति यदि एक पौधा अपनी माँ के नाम पर लगाए और उसकी देखभाल करे, तो रायपुर को हरा-भरा बनाना कोई कठिन कार्य नहीं होगा।"
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि नगर निगम इस अभियान को हर वार्ड में ले जाकर लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करेगा। इस अवसर पर पर्यावरण एवं उद्यानिकी विभाग के अध्यक्ष भोलाराम साहू, एमआईसी सदस्य मनोज वर्मा, पार्षद ममता सोनू तिवारी, दुर्गा यादराम साहू समेत नगर निगम के अधिकारीगण—उपायुक्त जसदेव सिंह बाबरा, जोन कमिश्नर खीरसागर नायक, अभियंता डी. के. पैकरा, नागेश्वर रामटेके, आशीष श्रीवास्तव, प्राची चौबे और उद्यान विभाग के मुक्तानंद चंद्राकर उपस्थित रहे। क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भारी भागीदारी के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।