कोण्डागांव। जिले के विभिन्न कृषि केन्द्रों का कृषि विभाग ने निरीक्षण किया, जिसमें से 7 कृषि केन्द्रों के संचालकों को नोटिस दिया गया। इस संबंध में उप संचालक कृषि विभाग डीपी तांडे ने बताया कि विभागीय निरीक्षकों के दल द्वारा शुक्रवार, शनिवार एवं रविवार को कोण्डागांव एवं फरसगांव के विभिन्न कृषि केन्द्रों का जायजा लिया। जिसमें दल द्वारा उर्वरकों की सामायिक उपलब्धता, स्टाक की उपलब्धता, उर्वरकों का प्रबंधन, उचित मूल्य पर विक्रय, उनकी सुरक्षा आदि के संबंध में निरीक्षण करते हुए दल द्वारा संचालकों से चर्चा की गयी।
इस निरीक्षण के दौरान कोण्डागांव विकासखण्ड के उन्नत कृषि केन्द्र, अम्बिका कृषि संसार, प्रयाग कृषि केन्द्र एवं फरसगांव विकासखण्ड के महेन्द्र कृषि बड़े डोंगर, कृति इंटरप्राइजेस बड़े डोंगर, दास ऐग्रो एजेंसी फरसगांव, श्रीनाथ कृषि केन्द्र फरसगांव में उर्वरक नियंत्रक आदेश 1985 का उल्लंघन पाये जाने पर फर्म के संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसके साथ ही अन्य फर्मों का भी आकस्मिक निरीक्षण किया गया तथा सभी फर्मों में उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के निहित प्रावधानों के तहत नियमानुसार सही संचालन पाया गया।