दुर्ग। दिनदहाड़े कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर 4.90 लाख रुपए चोरी करने का मामला सामने आया है। बदमाश कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपी कारोबारी का घर से ही पीछा कर रहा था। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों में एक संदिग्ध बाइक सवार भी नजर आया है, जिसकी तलाश की जा रही है। मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक मुक्त नगर निवासी प्रमोद महेश्वरी की कोडहा में 'देव एग्रो इंडस्ट्रीज' के नाम से फैक्ट्री है। मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे वे अपने घर से 4.90 लाख रुपए लेकर स्विफ्ट कार से निकले थे। रकम एक काले रंग के बैग में रखी थी, जिस पर 'जयश्री साल्वेंट्स' लिखा था। यह राशि उन्हें एक पार्टी को भुगतान के लिए ले जानी थी।
सुबह करीब 9 बजे प्रमोद ने पोटिया रोड स्थित उत्सव शोरूम के सामने कार खड़ी की और उसे लॉक कर अपनी दूसरी बाइक से नया पारा, दुर्ग चले गए। वहां वे अपने दोस्त रितेश साहू की बारदाना दुकान पहुंचे। इसके बाद इंदिरा मार्केट स्थित मनमोहन स्वीट्स में चाय पी। वापस लौटते समय उन्हें उत्सव शोरूम के संचालक अमरजीत सिंह का फोन आया। उन्होंने बताया कि कार का बाईं ओर का अगला शीशा टूटा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर प्रमोद ने देखा कि कार से नकदी से भरा बैग गायब था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज किया। जांच के दौरान आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक संदिग्ध बाइक सवार नजर आया है। पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी है। जांच अधिकारियों का मानना है कि आरोपी को कारोबारी के पास बड़ी रकम होने की पहले से जानकारी थी। इसी आधार पर आशंका जताई जा रही है कि उसने घर से ही प्रमोद का पीछा किया और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया।