5 बाल अपराधी पकड़ में आए, 8 की तलाश में सरगुजा पुलिस

छग

Update: 2026-07-15 09:34 GMT

अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कन्या परिसर रोड स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से मंगलवार रात फरार हुए 13 अपचारी बालकों में से पुलिस ने कोरिया और बलरामपुर जिला से अब तक 5 को पकड़ लिया है, जबकि 8 अन्य की तलाश तेज कर दी गई है। फरार बालकों की खोजबीन के लिए सरगुजा, बलरामपुर और कोरिया जिले की पुलिस संयुक्त रूप से अभियान चला रही है।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 8 से 8.30 बजे के बीच भोजन करने के बाद अपचारी बालकों ने परिसर के पुराने एवं जर्जर दरवाजे को तोड़कर फरार हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं तथा जिलेभर में नाकाबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया गया।

सूत्रों के मुताबिक फरार 13 अपचारी बालकों में से 5 को पकड़ लिया गया है। इनमें 3 बालकों को बलरामपुर जिले के राजपुर और बलरामपुर थाना क्षेत्र से, जबकि 2 को कोरिया जिले के चरचा थाना क्षेत्र से पकड़ा गया है। शेष 8 अपचारी बालकों की तलाश लगातार जारी है। पुलिस के अनुसार, फरार हुए बालकों पर हत्या, रेप, लूट और चोरी जैसे गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि पूरी फरारी की साजिश का नेतृत्व उसी अपचारी ने किया, जो 23 जून को हुई पहली फरारी की घटना में भी शामिल था।

गौरतलब है कि 22 दिनों के अंदर बाल संप्रेक्षण गृह से सामूहिक फरारी की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 23 जून को 11 अपचारी बालक खिड़की तोड़कर भाग निकले थे, जिन्हें बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।

Tags:    

Similar News