Raigarh. रायगढ़। जिले के थाना चक्रधरनगर क्षेत्र में बीते 25 अक्टूबर को हुए सड़क हादसे में एक 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान त्रिलोचन सिदार पिता बरतराम सिदार, निवासी झारगुड़ा, थाना चक्रधरनगर के रूप में की गई है। हादसे के बाद घायल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रायगढ़ में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान 28 अक्टूबर की सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने अब मृतक के परिजनों और गवाहों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और स्थल निरीक्षण के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले की शुरुआत तब हुई जब वार्ड ब्वॉय नारायण कुमार गेन्द्रे ने 29 अक्टूबर को थाना चक्रधरनगर में अस्पताल तहरीर पेश की। इसमें बताया गया था कि 25 अक्टूबर की शाम करीब 6:52 बजे त्रिलोचन सिदार को रोड ट्रैफिक एक्सीडेंट (RTA) के बाद मेडिकल कॉलेज रायगढ़ लाया गया था। तीन दिन इलाज के बाद 28 अक्टूबर को सुबह 9:38 बजे उसकी मौत हो गई। इस आधार पर थाना चक्रधरनगर में मर्ग क्रमांक 114/25 धारा 194 BNSS दर्ज किया गया।
मर्ग जांच के आदेश के बाद प्रधान आरक्षक समुंद रनकर ने केस डायरी का अवलोकन कर मृतक के परिजनों और गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मृतक 25 अक्टूबर की सुबह लगभग 8 बजे अपने घर से चावल खरीदने रायगढ़ जा रहा था। वह अपनी टीवीएस रेडॉन (बिना नंबर) मोटरसाइकिल चला रहा था। शाम को लौटते वक्त जब वह ग्राम सम्बलपुरी मेन रोड के पास पहुंचा, तभी एक नीले रंग का अज्ञात वाहन ‘छोटा हाथी’ तेज और लापरवाहीपूर्वक चलते हुए सामने से आकर उससे टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि त्रिलोचन सड़क पर गिर गया और उसे गंभीर चोटें आईं। मौके से ग्रामीणों ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रायगढ़ पहुंचाया, जहां उसका लगातार उपचार चला। मगर चोटें गंभीर होने के कारण तीन दिन बाद उसने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने पुष्टि की कि मृत्यु “Complications of Head Injury” (सिर की गंभीर चोटों से उत्पन्न जटिलताओं) के कारण हुई है। रिपोर्ट में मौत की प्रकृति को “Accident” बताया गया है। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों — अन्नू सिदार, भानुप्रताप सिदार, मकरसाय सिदार, गीता सिदार और कचरा सिदार — के बयान दर्ज किए।
सभी ने बताया कि मृतक रोजाना की तरह काम से रायगढ़ गया था और लौटते समय एक्सीडेंट का शिकार हुआ। स्थानीय गवाह बलराम गुप्ता और अतिश बेक ने भी घटना की पुष्टि की। जांच में स्पष्ट हुआ कि हादसा एक नीले रंग के अज्ञात “छोटा हाथी” वाहन चालक की लापरवाही से हुआ था, जिसने मृतक की बाइक को सामने से ठोकर मारी और मौके से फरार हो गया। इसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ अपराध धारा 106(1) बीएनएस एवं 184 मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि अब अज्ञात वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद ली जा रही है। घटनास्थल पर वाहन के टायर के निशान और टूटे हिस्सों की भी जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने इस घटना की जानकारी एसडीएम रायगढ़ को भी भेज दी है। मृतक के परिजनों को अंतिम संस्कार के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रति सौंप दी गई है। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सम्बलपुरी मेन रोड पर स्पीड कंट्रोल और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि इस सड़क पर तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाने वालों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।