JETTA कार के सीक्रेट चेंबर से 38 किलो गांजा बरामद, बिहार का तस्कर गिरफ्तार

छग

Update: 2026-07-24 15:05 GMT
Pithora. पिथौरा। महासमुंद जिले में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। सिंघोड़ा थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक JETTA कार से करीब 37.940 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। खास बात यह रही कि तस्करों ने गांजा छिपाने के लिए कार में सीक्रेट चेंबर बना रखा था। पुलिस ने गांजा, तस्करी में इस्तेमाल वाहन और मोबाइल फोन सहित कुल 25.02 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली कि ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर एक कार में बड़ी मात्रा में गांजा की खेप लाई जा रही है। सूचना मिलने के बाद सिंघोड़ा थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित रेहटीखोल क्षेत्र में नाकाबंदी की। पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान महाराष्ट्र पासिंग नंबर MH 02 CD 3140 वाली JETTA कार वहां पहुंची, जिसे पुलिस ने रोककर जांच शुरू की।

कार चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम श्रवण यादव उम्र 39 वर्ष निवासी अमाव, थाना चैनपुर, जिला कैमूर बिहार बताया। पुलिस ने जब उससे वाहन में गांजा होने की सूचना के संबंध में पूछताछ की तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस टीम ने वाहन की बारीकी से तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को कार की डिक्की में एक विशेष रूप से बनाया गया गुप्त चेंबर मिला। जब चेंबर को खोलकर जांच की गई तो उसमें छिपाकर रखे गए गांजा के पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने कुल 18 पैकेटों से 37.940 किलोग्राम गांजा जब्त किया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी श्रवण यादव ने पुलिस को बताया कि वह गांजा ओडिशा के मदन रामपुर क्षेत्र से लेकर आ रहा था और इसे रायपुर छत्तीसगढ़ में खपाने की योजना थी। हालांकि महासमुंद जिले की सीमा में प्रवेश करते ही पुलिस की कार्रवाई के कारण उसकी योजना विफल हो गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद गांजा की कीमत करीब 18.97 लाख रुपये आंकी है। इसके अलावा गांजा परिवहन में उपयोग की जा रही JETTA कार जिसकी कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है और एक मोबाइल फोन जिसकी कीमत करीब 5 हजार रुपये है, जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 25.02 लाख रुपये है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C) के तहत अपराध दर्ज किया है। यह धारा बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ रखने और तस्करी से संबंधित है। कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। महासमुंद पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ओडिशा से छत्तीसगढ़ आने वाले मार्गों पर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है, ताकि गांजा सहित अन्य अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तस्कर अक्सर वाहनों में अलग-अलग तरीके से छिपाकर मादक पदार्थों का परिवहन करते हैं। इस मामले में भी आरोपी ने कार में सीक्रेट चेंबर बनाकर गांजा छिपाने का प्रयास किया था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के कारण वह पकड़ा गया। महासमुंद पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या मादक पदार्थों की तस्करी की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags:    

Similar News