Durg. दुर्ग। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से गांजा लाकर स्थानीय स्तर पर सप्लाई करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना खुर्शीपार पुलिस और ACCU टीम की संयुक्त कार्रवाई में कुल 9 किलो 500 ग्राम गांजा, नगदी और मोबाइल सहित 5 लाख 19 हजार 100 रुपए की सामग्री जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, 12 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुर्शीपार थाना क्षेत्र के बालाजी नगर स्थित श्री राम मंदिर के पास एक मकान में कुछ लोग उड़ीसा से गांजा लाकर बिक्री के लिए रखे हुए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों से पूछताछ शुरू की।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 9 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 75 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा 12 हजार 100 रुपए नगद और 2 मोबाइल फोन, जिनकी कीमत लगभग 32 हजार रुपए है, भी जब्त किए गए। इस प्रकार कुल जब्ती 5 लाख 19 हजार 100 रुपए की हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर दुर्ग और आसपास के क्षेत्रों में इसकी बिक्री करते थे। पुलिस ने बताया कि यह पूरा नेटवर्क अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा था। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 134/2026 के तहत धारा 20(बी) और 27 NDPS एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवीन राना (26 वर्ष) और प्रमोद राणा (28 वर्ष), दोनों निवासी चिंचेड थाना तूसरा जिला बलांगीर (उड़ीसा), तथा दुर्गा अम्मा (65 वर्ष) निवासी बालाजी नगर, खुर्शीपार दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई में थाना खुर्शीपार पुलिस और ACCU टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने सटीक सूचना और त्वरित कार्रवाई के आधार पर इस अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जनसहयोग बेहद जरूरी है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।