Mahasamund. महासमुंद। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने बुधवार को सरायपाली क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान अवैध रूप से चूना पत्थर और गिट्टी का परिवहन करते हुए तीन हाईवा वाहन जब्त किए गए हैं। जानकारी के अनुसार खनिज जांच दल ने ग्राम सरायपाली में नियमित निरीक्षण के दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर जांच की। जांच में पाया गया कि तीनों हाईवा वाहनों में खनिज सामग्री का परिवहन बिना वैध अभिवहन पास के किया जा रहा था। इसके बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त कर सरायपाली थाना की अभिरक्षा में सुरक्षित रखवा दिया।
जब्त किए गए वाहनों में सीजी 13 जेड 2637, ओडी 17 एई 8637 और सीजी 06 एचजी 0378 शामिल हैं। इनमें से दो वाहनों के चालक की पहचान संजीत कुमार (निवासी जैतपुर, तहसील बरमा, जिला औरंगाबाद) और दीपक सेन (निवासी बागटुअरी, तहसील सरायपाली, जिला महासमुंद) के रूप में हुई है, जबकि एक वाहन चालक की पहचान अभी अज्ञात बताई गई है। खनिज विभाग के अनुसार सभी वाहनों पर छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार का अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन या भंडारण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर जिले में खनिज गतिविधियों की निगरानी को और सख्त किया गया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत नियमित रूप से वाहनों और खनन स्थलों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने सभी खनिज परिवहनकर्ताओं को निर्देशित किया है कि वे केवल वैध अभिवहन पास के साथ ही खनिज का परिवहन करें। बिना अनुमति पाए जाने पर वाहन जब्त करने के साथ ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद अवैध खनिज परिवहन से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में इस तरह की कार्रवाई और तेज की जाएगी ताकि अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।