Baloda Bazar. बलौदाबाजार। जिले में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है, जहां यात्रियों से भरी बस और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बस में सवार 19 यात्री घायल हो गए, जिनमें चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा ग्राम सकरी के पास हुआ। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, रॉयल ट्रेवल्स की बस रायपुर से यात्रियों को लेकर गिधौरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान ग्राम सकरी के पास सामने से आ रहे एक ट्रक से बस की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे यात्रियों को झटका लगा और कई लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस तथा 112 आपातकालीन सेवा के वाहनों की सहायता से सभी घायलों को जिला चिकित्सालय बलौदाबाजार पहुंचाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला अस्पताल प्रबंधन को पहले ही सूचना दे दी गई थी। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम पूरी तैयारी के साथ मौजूद थी। जैसे ही घायल अस्पताल पहुंचे, डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने तत्काल उपचार शुरू कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अधिकांश यात्रियों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। हालांकि राहत की बात यह रही कि बड़ा हादसा होने के बावजूद अधिकांश यात्री खतरे से बाहर हैं। चार यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ सरकार के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा से फोन पर चर्चा कर घायलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
वहीं जिले के नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा भी जिला अस्पताल पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी लेते हुए घायलों की स्थिति और दुर्घटना के कारणों की समीक्षा की। सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा ने बताया कि ग्राम सकरी के पास बस दुर्घटना में करीब 19 यात्री घायल हुए हैं। इनमें चार लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका उपचार अस्पताल में जारी है। उन्होंने बताया कि बाकी यात्रियों को सामान्य चोटें थीं, प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है।
कोतवाली थाना के एएसआई सुनील खुंटे ने बताया कि ग्राम सकरी स्थित आईटीआई के पास बस और ट्रक के बीच टक्कर हुई है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। वाहन चालकों से पूछताछ और घटनास्थल की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों के अनुसार, ग्राम सकरी क्षेत्र में पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर यातायात का दबाव अधिक रहता है और तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे की आशंका बनी रहती है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करें और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें। प्रशासन का कहना है कि दुर्घटना वाले स्थानों की समीक्षा कर आवश्यक सुरक्षा उपायों पर भी विचार किया जाएगा।