दिव्यांग शिविर में 153 हितग्राही चिन्हांकित

छग

Update: 2026-02-20 14:13 GMT
Durg. दुर्ग। दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 20 फरवरी 2026 को जनपद पंचायत दुर्ग के सभागार में चिन्हांकन, मूल्यांकन एवं परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन एनटीपीसी-सेल कम्पनी लिमिटेड की निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) योजना, भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (भारत सरकार का उपक्रम) के सहायक उत्पादन केन्द्र, रिछाई, जबलपुर (म.प्र.) तथा समाज कल्याण विभाग दुर्ग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

उप संचालक समाज कल्याण से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिविर में कुल 197 हितग्राही उपस्थित हुए। विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत परीक्षण एवं मूल्यांकन के उपरांत 153 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण हेतु पात्र पाते हुए चिन्हांकित किया गया। चिन्हांकित हितग्राहियों को आगामी चरण में आवश्यक उपकरण प्रदान किए जाएंगे, जिससे उनके दैनिक जीवन, गतिशीलता और आत्मनिर्भरता में सकारात्मक सुधार की उम्मीद है। शिविर में विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरणों की आवश्यकता का आकलन किया गया, जिसमें कृत्रिम अंग, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, बैसाखी सहित अन्य उपयोगी उपकरण शामिल रहे। तकनीकी टीम ने प्रत्येक हितग्राही की व्यक्तिगत जरूरतों के अनुरूप परीक्षण कर उपयुक्त उपकरणों की अनुशंसा की।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। इस अवसर पर प्रिया साहू, सभापति जिला पंचायत दुर्ग, लोमेश चन्द्राकर एवं गोकुल वर्मा, सभापति जनपद पंचायत दुर्ग, देवनारायण चन्द्राकर, पार्षद एवं लोक कर्म प्रभारी, नगर पालिक निगम दुर्ग, हितेश देशमुख, विधायक प्रतिनिधि तथा ए.पी. गौतम, उपसंचालक समाज कल्याण विभाग दुर्ग सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य दिव्यांगजनों तक योजनाओं का लाभ सरल और सुलभ तरीके से पहुंचाना है। सीएसआर के माध्यम से निजी एवं सार्वजनिक उपक्रमों की सहभागिता से सामाजिक सरोकारों को मजबूती मिल रही है। शिविर के सफल आयोजन पर हितग्राहियों ने संतोष व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी पहल बताया।
Tags:    

Similar News