144 गांव, 28 दिन और हर घर दस्तक: जनता के बीच MLA अनुज शर्मा, CM साय करेंगे 'सेवा संवाद यात्रा' का शुभारंभ
सेवा संवाद यात्रा
धरसींवा : जनता की समस्याओं को सुनने से लेकर उनके समाधान तक की पहल अब गांवों की चौपाल और घरों की दहलीज तक पहुंचेगी। धरसींवा विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा आगामी 21 नवंबर से विधानसभा क्षेत्र में 28 दिवसीय 'सेवा संवाद यात्रा' निकालने जा रहे हैं। इस महाजनसंपर्क अभियान के तहत विधायक विधानसभा क्षेत्र के सभी 144 गांवों में पहुंचेंगे और प्रत्येक नागरिक के साथ सीधा संवाद स्थापित करेंगे। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 21 नवंबर को हरी झंडी दिखाकर इस यात्रा का शुभारंभ करेंगे।
18 दिसंबर 2026 तक चलने वाली इस यात्रा की सबसे खास बात यह होगी कि विधायक अनुज शर्मा पूरे यात्रा काल के दौरान अपने क्षेत्र की जनता के बीच रहेंगे। वे ग्रामीणों के घरों में उनके साथ बैठकर भोजन करेंगे, गांवों में ही रात्रि विश्राम करेंगे और स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। यात्रा का उद्देश्य जनता की समस्याओं को करीब से समझना, उनके निराकरण की दिशा में काम करना और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
हर घर दस्तक, हर दिल से संवाद
'सेवा संवाद यात्रा' की विस्तृत रूपरेखा साझा करने के लिए विधायक अनुज शर्मा ने सेवा सदन में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इस दौरान उन्होंने धरसींवा विधानसभा क्षेत्र एवं राजधानी रायपुर से पहुंचे प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के पत्रकारों तथा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने सभी को दीपावली एवं आगामी पर्वों की शुभकामनाएं भी दीं। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि सेवा संवाद यात्रा केवल एक राजनीतिक दौरा नहीं, बल्कि जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनकी उम्मीदों को धरातल पर उतारने का महाअभियान है। इस यात्रा के माध्यम से विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और प्रत्येक नागरिक तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
विधायक ने बताया कि 28 दिनों की इस सघन यात्रा के दौरान वे विधानसभा क्षेत्र के सभी 144 गांवों में पहुंचेंगे। गांवों में जनचौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से उनकी समस्याओं की जानकारी लेंगे। स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली मूलभूत समस्याओं के त्वरित निराकरण की दिशा में काम किया जाएगा। इसके साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
गांवों में ही होगा रात्रि विश्राम
सेवा संवाद यात्रा की सबसे अनूठी विशेषता विधायक का ग्रामीणों के बीच प्रवास होगा। विधायक अनुज शर्मा यात्रा के दौरान किसी विशेष या वीआईपी व्यवस्था के बजाय अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता के घरों में भोजन करेंगे। वे ग्रामीणों के साथ बैठकर सादगीपूर्ण सहभोज करेंगे और गांवों में ही रात्रि विश्राम करेंगे। इस पहल के माध्यम से विधायक गांवों की वास्तविक स्थिति और आम नागरिकों की समस्याओं को बेहद करीब से समझेंगे। ग्रामीणों के बीच रहकर उनकी आवश्यकताओं, बुनियादी सुविधाओं और स्थानीय स्तर पर विकास से जुड़े विषयों की जानकारी प्राप्त करेंगे। यात्रा के दौरान विभिन्न गांवों में जनचौपाल के माध्यम से जनता को अपनी बात सीधे विधायक के सामने रखने का अवसर मिलेगा। विधायक क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा भी करेंगे। ग्रामीणों के साथ संवाद के माध्यम से उनकी अपेक्षाओं और आवश्यकताओं को समझते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में पहल की जाएगी।
धरसींवा विधानसभा मेरा परिवार है : अनुज शर्मा
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि धरसींवा विधानसभा क्षेत्र उनके लिए केवल एक निर्वाचन क्षेत्र नहीं, बल्कि उनका परिवार है। क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की सेवा करना उनका सर्वोपरि कर्तव्य है। उन्होंने कहा, 'धरसींवा विधानसभा मेरा परिवार है और यहाँ के हर एक नागरिक की सेवा करना मेरा सर्वोपरि कर्तव्य है। हमारी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल मंत्र के साथ आम जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।' विधायक ने कहा कि धरसींवा क्षेत्र के चहुंमुखी विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी सुविधाओं और रोजगार के अवसरों को बढ़ाने के लिए उनकी पूरी टीम समर्पित भाव से कार्य कर रही है। डबल इंजन सरकार की नीतियों के अनुरूप क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी तथा समर्पण के साथ कार्य करना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
यात्रा प्रभारियों की बैठक में बनी विस्तृत रणनीति
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद सेवा सदन में सेवा संवाद यात्रा के सफल संचालन को लेकर यात्रा प्रभारियों और प्रमुख पदाधिकारियों की विशेष बैठक आयोजित की गई। विधायक अनुज शर्मा ने बैठक में यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। बैठक के दौरान यात्रा के रूट चार्ट, प्रतिदिन के प्रवास कार्यक्रम, विभिन्न गांवों में आयोजित होने वाली जनचौपाल, स्वागत एवं भोजन व्यवस्था और प्रशासनिक समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। विधायक ने सभी यात्रा प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देना है। उन्होंने यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के निर्देश दिए।
21 नवंबर से शुरू होगा 28 दिवसीय महाजनसंपर्क अभियान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में 21 नवंबर को सेवा संवाद यात्रा का विधिवत शुभारंभ होगा। इसके बाद विधायक अनुज शर्मा 18 दिसंबर तक विधानसभा क्षेत्र के सभी 144 गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद करेंगे। जनचौपाल, घर-घर संपर्क, ग्रामीणों के साथ सहभोज, रात्रि प्रवास और विकास कार्यों की समीक्षा इस यात्रा के प्रमुख हिस्से होंगे। विधायक का प्रयास है कि जनता और जनप्रतिनिधि के बीच सीधा संवाद स्थापित हो तथा क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचे।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा, यात्रा प्रभारी अरविंद ठाकुर, चंद्रशेखर शुक्ला, कृष्ण कुमार वर्मा, नरेंद्र ठाकुर, रूखमनी वर्मा, शिवशंकर वर्मा, राजीव अग्रवाल, संदीप यदु, सरोज चंद्रवंशी, दिनेश खूँटे, टिकेश्वर मनहरे, सुरेन्द्र वर्मा, गोविंद साहू, सुनीता अनिल सोनी, रॉबिन साहू, पिंटू साहू, रश्मि वर्मा, बी.आर. गौतम, गोपेश साहू, मिथलेश वर्मा, निहाल सिंह वर्मा, अमरीका वर्मा, अश्वनी वर्मा, नत्थू युद, सुमित सेन, रामखिलावन वर्मा, सोहन धीवर, तेजराम पाल, सूरज सोनी, विकास ठाकुर सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।