छत्तीसगढ़ के 13 मजदूरों को जम्मू में बनाया गया बंधक

Update: 2022-08-01 06:28 GMT

जांजगीर-चांपा। जिले के जैजैपर और रायगढ़ जिले के खरसिया इलाके के 13 मजदूरों को जम्मू में बंधक बना लिया गया है। पीड़ितों ने एक वीडियो मेसैज भेज कर एसपी से मदद की गुहार की है। जांजगीर के मजदूर जर्वे और मालखरौदा थाना क्षेत्र के हैं। एक परिवार खरसिया का भी है। इनके साथ महिलाएं और बच्चे भी हैं। पुलिस को भेजे गए वीडियो में इन मजदूरों ने बताया कि जैजैपुर का उमेंद्र नारंगे 19 मई को उन्हें अपने साथ ले गया था और छोड़कर वापस आ गया था। उसने अच्छी मजदूरी मिलने का लालच दिया था और ईट भट्ठे में छोड़ा था। यह ईंट भट्ठा जम्मू के बड़गांव थाना अंतर्गत डांगरपुरा गांव में है।

यहां आने के बाद से ही उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है और मजदूरी नहीं दी जा रही है। उनके साथ के 12 साल के एक बच्चे की तबीयत भी खराब हो गई है। उसके इलाज के लिए भी उनके पास पैसा नहीं है। उन्हें बाहर निकलने भी नहीं दिया जा रहा है। उनके ऊपर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी रखी जा रही है। उन्हें ठीक से अभी मालूम नहीं है कि उनका ठेकेदार कौन है। ईट भट्टे में मौजूद लोग उन्हें बंधक बनाकर रखे हुए हैं। कुछ लोगों के साथ मारपीट भी की गई है। जिन लोगों को बंधक बनाया गया है उनमें मनीष कुमार पंकज, संजना पंकज, चैतराम पंकज, मदन पंकज, आयुष पंकज, गजेंद्र जांगड़े, राजकुमारी जांगड़े, सोनू कुमार जांगड़े, मोनू कुमार जांगड़े, सोनिया जांगड़े, रामेश्वर बंजारे, दिव्या बंजारे और शिव बंजारे शामिल हैं। जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने कहा कि इन मजदूरों को बंधक बनाए जाने की जानकारी वीडियो मेसैज के माध्यम से मिली है। वहां के स्थानीय प्रशासन से संपर्क कर मजदूरों को छुड़ाने का प्रयास किया जा रहा है।


Tags:    

Similar News