Ambikapur. अंबिकापुर। सरगुजा जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से 11 पुलिस अधिकारियों के तबादले किए हैं। जारी आदेश के तहत छह निरीक्षक, दो उप निरीक्षक और तीन सहायक उप निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। तबादलों को अंबिकापुर शहर सहित जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिसिंग को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सबसे बड़ा बदलाव अंबिकापुर कोतवाली और गांधीनगर थाना में किया गया है। सीतापुर थाना प्रभारी रहे उप निरीक्षक अखिलेश सिंह को अंबिकापुर कोतवाली का नया थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा को गांधीनगर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।

सीतापुर और लुण्ड्रा में भी बदले थाना प्रभारी
लुण्ड्रा थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप जायसवाल को सीतापुर थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं, रक्षित केंद्र अंबिकापुर में पदस्थ निरीक्षक असफाक अहमद को लुण्ड्रा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासनिक फेरबदल के तहत निरीक्षक लक्ष्मीनारायण साव को रक्षित केंद्र अंबिकापुर से थाना प्रभारी कमलेश्वरपुर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा निरीक्षक राजेश खलखो, जो थाना प्रभारी दरिमा के पद पर थे, उन्हें रक्षित केंद्र अंबिकापुर भेजा गया है। निरीक्षक मनोज प्रजापति, थाना प्रभारी कमलेश्वरपुर को भी रक्षित केंद्र अंबिकापुर पदस्थ किया गया है।


शहर की कानून व्यवस्था बनी बड़ी चुनौती
अंबिकापुर शहर में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं और कानून व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों के बीच पुलिस अधिकारियों का यह फेरबदल महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शहर में समूह बनाकर गुंडागर्दी करने की घटनाओं को लेकर पुलिस के सामने प्रभावी कार्रवाई की चुनौती है। शहर में पुलिस की विजिबल पुलिसिंग बढ़ाने की जरूरत भी महसूस की जा रही है। केवल डायल 112 और यातायात पुलिस के भरोसे प्रभावी पुलिस मौजूदगी सुनिश्चित करना मुश्किल है। ऐसे में थाना स्तर पर पुलिस अधिकारियों की सक्रियता और नियमित गश्त कानून व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकती है। नई जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों के सामने अपराध नियंत्रण के साथ-साथ शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने की चुनौती होगी। विशेष रूप से सार्वजनिक स्थानों पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने और गुंडागर्दी पर सख्ती से कार्रवाई करने की जरूरत होगी।

अन्य अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी
तबादला आदेश के अनुसार उप निरीक्षक समरेन्द्र सिंह को रक्षित केंद्र अंबिकापुर से थाना गांधीनगर पदस्थ किया गया है। सहायक उप निरीक्षक लिनुस को थाना उदयपुर से रक्षित केंद्र अंबिकापुर भेजा गया है। सहायक उप निरीक्षक परशु राम को थाना लखनपुर से संबद्ध कर पुलिस अधीक्षक कार्यालय अंबिकापुर में रीडर-2 की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, सहायक उप निरीक्षक मनीष तिवारी को रक्षित केंद्र अंबिकापुर से थाना लखनपुर पदस्थ किया गया है। पुलिस विभाग के इस फेरबदल का उद्देश्य प्रशासनिक दृष्टिकोण से पुलिस व्यवस्था को बेहतर करना और विभिन्न थाना क्षेत्रों में कानून व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है। अब नई पदस्थापना के बाद अधिकारियों के सामने अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, शांति व्यवस्था और पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।
Tags: