Raipur. रायपुर। रोजगार की तलाश कर रहे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ा अवसर सामने आया है। राज्य सरकार 7 और 8 अक्टूबर को राजधानी रायपुर में दो दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन करने जा रही है। इस मेले में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता और कौशल वाले युवाओं के लिए हजारों पद उपलब्ध रहेंगे। अब तक 62 कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों से 9,449 रिक्त पदों की जानकारी सरकार को प्राप्त हो चुकी है। अन्य कंपनियों से भी संपर्क जारी है, जिससे रिक्तियों की संख्या और बढ़ सकती है। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा यह रोजगार मेला बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। मेले का उद्देश्य प्रदेश के शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं को निजी क्षेत्र में उनकी योग्यता और कौशल के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
रोजगार मेले में स्थानीय कंपनियों के साथ राष्ट्रीय स्तर की निजी कंपनियां भी हिस्सा लेंगी। मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित करेंगे। रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास और उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। रोजगार मेले के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
मेले में दसवीं और बारहवीं पास युवाओं से लेकर आईटीआई, डिप्लोमा और इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर चुके अभ्यर्थियों के लिए भी अवसर उपलब्ध होंगे। कृषि स्नातक, सामान्य स्नातक, एमबीए, एमसीए और अन्य स्नातकोत्तर योग्यताधारी अभ्यर्थी भी अपनी पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकेंगे। तकनीकी क्षेत्र में मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन और मेंटेनेंस इलेक्ट्रिशियन जैसे पद शामिल हैं। इसके साथ ही मैकेनिकल इंजीनियर और गुणवत्ता निरीक्षक के पदों के लिए भी रिक्तियां उपलब्ध कराई गई हैं।
कंप्यूटर और सेवा क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में नौकरियों के अवसर रहेंगे। कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव और सेल्स ऑफिसर जैसे पदों पर नियुक्ति के अवसर उपलब्ध हैं। बैंकिंग, फाइनेंस और मानव संसाधन से जुड़े पद भी रोजगार मेले में शामिल किए गए हैं। स्वास्थ्य और देखभाल क्षेत्र में नर्सिंग स्टाफ तथा केयर टेकर के लिए भी अवसर होंगे। सुरक्षा सेवाओं में गार्ड और सुपरवाइजर, जबकि परिवहन एवं सामान की आवाजाही से जुड़े कार्यों के लिए ड्राइवर, डिलीवरी कर्मी, बाइक राइडर और पिकर-पैकर जैसे पद भी उपलब्ध रहेंगे।
रोजगार मेले के लिए क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स-सतलज टेक्सटाइल्स, वर्द्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर और एयरटेल पेमेंट बैंक सहित कई कंपनियों ने रिक्तियां उपलब्ध कराई हैं। इनके अलावा इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी, आइसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉर्पोरेट भी मेले में शामिल होंगे। आवेदन और चयन प्रक्रिया को व्यवस्थित करने के लिए ई-रोजगार पोर्टल का उपयोग किया जा रहा है। विभिन्न कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों से मिली रिक्तियों को पोर्टल पर प्रदर्शित किया जा रहा है। इच्छुक युवा ई-रोजगार पोर्टल पर पंजीयन कर उपलब्ध पदों की जानकारी देख सकते हैं और पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
नियोजक भी पोर्टल पर अभ्यर्थियों की प्रोफाइल और आवेदन देख सकेंगे। इसके आधार पर कंपनियां उम्मीदवारों की सूची तैयार कर प्रारंभिक चयन प्रक्रिया आगे बढ़ा सकेंगी। रोजगार विभाग के आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2024-25 और 2025-26 में राज्य एवं जिला स्तरीय रोजगार मेलों तथा प्लेसमेंट कैंपों के माध्यम से कुल 9,463 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था। वर्ष 2024-25 में 5,314 और 2025-26 में 4,149 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। वहीं वित्त वर्ष 2026 में सितंबर तक 224 प्लेसमेंट कैंप और रोजगार मेलों के जरिए 8,878 अभ्यर्थियों का चयन हो चुका है। अब 7 और 8 अक्टूबर को आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय रोजगार मेले से बड़ी संख्या में युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार मिलने की उम्मीद है।