खरोरा में ज्वेलरी मैनेजर से 1 करोड़ की लूट, तलवार से हमला कर बदमाश फरार
रायपुर
Chhattisgarh छत्तीसगढ़: राजधानी रायपुर के खरोरा इलाके में एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। विनायक ज्वेलर्स के मैनेजर से अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने तलवार से हमला कर करीब 1 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब ज्वेलर विनीत जैन का मैनेजर दुकान बंद करने के बाद तिल्दाडीह से खरोरा लौट रहा था। इसी दौरान 2 से 3 अज्ञात बदमाशों ने उसे रास्ते में रोक लिया और तलवार से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी गहनों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि लूटे गए जेवरात की कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये है। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल मैनेजर को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही खरोरा थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि बदमाश पूरी तरह से योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम देकर फरार हुए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। मामले की जांच जारी है।