Bihar:पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र के रुलही गांव में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां श्मशान घाट से एक विवाहिता का अधजला शव बरामद किया गया। मृतका की पहचान रुलही वार्ड संख्या-3 निवासी श्याम यादव की पत्नी पुष्पा देवी (25) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां जल्दबाजी में अंतिम संस्कार किया जा रहा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए श्मशान घाट से अधजला शव अपने कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया।
दहेज हत्या का आरोप
मृतका के पिता ईश्वर यादव ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दहेज की मांग को लेकर बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के लिए जल्दबाजी में अंतिम संस्कार किया जा रहा था।
परिजन फरार, पुलिस जांच में जुटी
परिजनों का आरोप है कि पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही ससुराल पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
गर्भवती होने का भी दावा
मृतका के भाई ने दावा किया है कि पुष्पा देवी गर्भवती थी। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों पर स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।