बिहार में मौसम बदलेगा, तेज हवाओं के साथ बारिश

Update: 2026-07-03 09:46 GMT

बिहार: मानसून की सक्रियता लगातार बनी हुई है और कई जिलों में काले बादल छाए हुए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 3 जुलाई के लिए राज्य के 13 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार जिन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, उनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, पटना, गया, नालंदा, बेगूसराय, जहानाबाद, लखीसराय, शेखपुरा और नवादा शामिल हैं। इन क्षेत्रों में मौसम अचानक बदल सकता है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

वहीं मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, मधुबनी, वैशाली, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, सुपौल, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद और अरवल समेत कई जिलों के लिए फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि इन इलाकों में भी स्थानीय स्तर पर बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।




 


मौसम विभाग ने लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों में न रहने की सलाह दी है। बिजली चमकने पर पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने और खेतों में काम कर रहे लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने की हिदायत दी गई है।

IMD के अनुसार अगले कुछ दिनों तक बिहार में मानसून सक्रिय रहेगा और राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। लोगों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने को कहा गया है।

आज के मौसम में येलो अलर्ट के साथ तेज हवाएं, बारिश और ठनका गिरने की आशंका प्रमुख रूप से बनी हुई है।

Tags:    

Similar News