Vaibhav Suryavanshi की उपलब्धि से क्रिकेट जगत में चर्चा

Update: 2026-06-21 14:01 GMT

Bihar: बिहार के समस्तीपुर जिले के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बड़ा इतिहास रच दिया है। श्रीलंका-ए के खिलाफ ट्राई सीरीज फाइनल में उन्होंने मात्र 11 गेंदों में अर्धशतक जड़कर लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज फिफ्टी बनाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। यह मुकाबला दांबुला के रणगिरि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया, जहां वैभव ने इंडिया-ए की ओर से यह धमाकेदार पारी खेली।

वैभव ने अपनी पारी में 5 चौके और 5 छक्के लगाए और खास बात यह रही कि उन्होंने अर्धशतक तक पहुंचने के लिए एक भी सिंगल रन नहीं लिया। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने श्रीलंका के कौशल्या वीरारत्ने का 12 गेंदों में अर्धशतक बनाने का करीब 20 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। साथ ही उन्होंने भारतीय बल्लेबाज सरफराज खान के 15 गेंदों वाले रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।

हालांकि वैभव शतक से सिर्फ 6 रन दूर रह गए, लेकिन उनकी 29 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक पारी ने क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और 8 छक्के लगाए और श्रीलंका-ए के गेंदबाजों को पूरी तरह दबाव में ला दिया।

उनकी इस ऐतिहासिक पारी के बाद उनके गृह क्षेत्र समस्तीपुर में जश्न का माहौल बन गया। लोगों ने मिठाइयां बांटी और आतिशबाजी कर खुशी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि वैभव ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और प्रतिभा के दम पर छोटे गांव से भी दुनिया में पहचान बनाई जा सकती है।

उनके बचपन के कोच ब्रजेश झा ने कहा कि वैभव हमेशा से असाधारण प्रतिभा के धनी रहे हैं और उनकी मेहनत ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। खेल विशेषज्ञों ने भी उनकी इस उपलब्धि को बिहार के क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय बताया है।

Tags:    

Similar News