उपेंद्र कुशवाहा को Y+ श्रेणी की सुरक्षा मिली, गृह मंत्रालय ने बढ़ाई सिक्योरिटी

Update: 2023-03-09 09:04 GMT

पटना: राष्ट्रीय लोक जनता दल के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उनकी सुरक्षा आईबी की रिपोर्ट के आधार पर बढ़ाई गई है। जदयू से अलग होकर अपनी नई पार्टी बनाने वाले उपेंद्र कुशवाहा को वाई प्लस सुरक्षा मिलने के कई राजनैतिक मायने निकाले जा रहे हैं।

दरअसल कुशवाहा बीते कुछ दिनों से नीतीश कुमार के खिलाफ हमलावर हैं। बिहार की राजनीति पर नजर रखने वाले मान रहे हैं कि भाजपा, उपेंद्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) के सहारे नीतीश कुमार को घेरने की योजना बना रही है। उपेंद्र कुशवाहा इस समय बिहार में विरासत बचाओ नमन यात्रा पर निकले हैं। वह इस समय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ बोलकर काफी सुर्खियों में हैं. वह जेडीयू में रहते हुए भी नीतीश पर हमले का कोई मौका नहीं छोड़ते थे।

नीतीश कुमार पर हमला बोला: राष्ट्रीय लोक जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाह विरासत बचाओ नमन यात्रा पर हैं। इस यात्रा के पहले चरण की समाप्ति पर वह बुधवार को ही मुजफ्फरपुर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बड़ा हमला बोला था। उन्होंने सीधा सीधा आरोप लगाया था कि नीतीश कुमार ने आरजेडी के साथ कोई गठबंधन नहीं किया, बल्कि उन्होंने तेजस्वी के सामने हथियार डाल कर सरेंडर किया था। इस प्रकार उन्होंने खुद को तो जदयू के हवाले किया ही, अपनी महत्वाकांक्षा के लिए पूरी पार्टी तेजस्वी को सौंप दी।

Tags:    

Similar News

-->