केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने देश में एसआईआर प्रक्रिया शुरू करने का किया समर्थन
BIHAR बिहार: केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी ने देश भर में चुनाव आयोग द्वारा एसआईआर कराने की योजना का समर्थन करते हुए कहा कि यह अच्छी बात है। अगर चुनाव आयोग ऐसा निर्णय लेता है, तो यह उचित होगा। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने चुनाव आयोग द्वारा राष्ट्रव्यापी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कराने के बारे में पूछे जाने पर कहा कि यह अच्छी बात है। मतदाता सूची को पुनरीक्षित करने के लिए यदि सघन अभियान चलाया जाता है तो इसमें गलत क्या है? कई लोग जिनका निधन हो चुका है, उनका नाम है, कई ऐसे भी बाहरी लोग हैं जिन्होंने गलत तरीके से अपना नाम जुड़वाया है और राजनीति को प्रभावित करते हैं, वैसे लोगों का नाम कटेगा। यह होना ही चाहिए।
उन्होंने कहा कि बिहार में जो एसआईआर अभी हो रहा है, अगर यह देश में भी हो तो अच्छी बात है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने विपक्ष के विरोध पर कहा कि उनकी बात ही बेतुकी है। चुनाव आयोग कानून सम्मत काम कर रहा है। इधर, विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के सीएम और डिप्टी सीएम के आवास से अपराधियों को संरक्षण दिए जाने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि वे अपने पिताजी का समय भूल गए जब अपराधियों की मुख्यमंत्री आवास में पंचायती होती थी।
दरअसल, इससे पहले तेजस्वी यादव ने बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि बिहार में प्रतिदिन गोली चल रही है, लोग मारे जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं, क्योंकि सीएम और डिप्टी सीएम का संरक्षण प्राप्त हो रहा है। लगातार अपराध बढ़ रहा है, कोई ऐसा दिन नहीं है जब बलात्कार, लूट, हत्या की घटनाएं नहीं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि रात में कॉमर्स कॉलेज के पास राघोपुर के निवासी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रतिदिन 200 राउंड गोलियां चल रही हैं, एक सप्ताह में 100 से ज्यादा हत्याएं हो रही हैं। कहीं कोई कार्रवाई नहीं हो रही है, न सुनवाई हो रही है।