गोलीबारी की घटना में दो युवक घायल, पुरानी रंजिश का मामला
जिले के रामचंद्रपुर गांव में हुई गोलीबारी की घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई है
Lakhisarai: जिले के रामचंद्रपुर गांव में हुई गोलीबारी की घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई है. जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रामचंद्रपुर गांव में रविवार की शाम बदमाशों ने दो लोगों को गोली मारने की खबर है. गोली दोनों युवक के पैर में लगी है. दोनों लोगों को जख्मी हालत में इलाज के लखीसराय स्थित सदर अस्पताल भेज दिया है, जहां दोनों लोगों को इलाज चल रहा है. जख्मी लोगों की पहचान रामचंद्रपुर के शंकर सिंह के पुत्र गोपाल कुमार और अशोक सिंह के पुत्र सुनील कुमार के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि दोनों युवक रामचंद्रपुर गांव स्थित रामशरण सिंह के बथान के पास खड़े थे. तभी करीब आधा दर्जन से अधिक की संख्या में बदमाशों ने गोपाल और सुनील को घेर लिया. इसी दौरान बदमाशों ने दोनों पर फायरिंग कर दी. दोनों युवकों के पैर में गोली लगी है.
मिली जानकारी के अनुसार घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताया जा रहा है. अस्पताल पहुंचकर एएसपी सैयद इमरान मसूद ने जख्मी से पूछताछ की है.
जख्मी युवक ने बदमाशों की पहचान कर पुलिस को जानकारी दे दी है. जख्मी युवक ने पुलिस को बताया कि ये सभी रामचंद्रपुर गांव के पप्पू सिंह, पोपल कुमार, संजय कुमार, गुड्डू सिंह सहित कई और भी है. पिपरिया थाना पुलिस फिलहाल घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पा रही है. युवकों से पूछताछ के बाद बदमाशों की गिरफ्तारी में पुलिस जुट गई है.