Bihar: शेखपुरा जिले ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा के परिणाम में बड़ी उपलब्धि हासिल की है. जिले के कुल सात अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त कर प्रशासनिक सेवा में जगह बनाई है. इस सफलता ने पूरे जिले को गौरवान्वित कर दिया है और परिवारों में खुशी का माहौल है.
सबसे खास उपलब्धि बरबीघा के श्रीकृष्ण चौक निवासी व्यवसायी प्रवीण कुमार की दो बेटियों जया लक्ष्मी और विजया लक्ष्मी की रही. दोनों सगी बहनों ने एक साथ परीक्षा पास कर राजस्व पदाधिकारी (Revenue Officer) बनने का सपना पूरा किया है. फादर्स डे के मौके पर उनकी इस सफलता ने परिवार को खास तोहफा दे दिया. परिजनों के अनुसार दोनों बहनों ने शुरू से ही मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई की और लगातार प्रयास से यह सफलता हासिल की.
इसी तरह मालदह गांव के मृगांक भूषण ने 199वीं रैंक हासिल कर एसडीएम बनने का गौरव प्राप्त किया है. वहीं वैभव सिंह का चयन बीडीओ पद पर हुआ है. इसके अलावा मजदूर परिवार से आने वाले सुमन कुमार ने भी बीपीआरओ पद हासिल कर सफलता की नई मिसाल कायम की है.
अन्य तीन अभ्यर्थियों ने भी विभिन्न प्रशासनिक पदों पर चयन पाकर जिले का नाम रोशन किया है. खास बात यह है कि इन सफल अभ्यर्थियों में किसान, मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवारों के युवा शामिल हैं, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद बड़ी उपलब्धि हासिल की है.
इस परिणाम के बाद शेखपुरा में जश्न का माहौल है. गांव-गांव में लोग एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं और सफल अभ्यर्थियों के घरों पर शुभचिंतकों की भीड़ उमड़ रही है. यह परिणाम युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर सामने आया है.