Bihar: बक्सर जिले के नावानगर अंचल में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें सीओ रानी कुमारी की सरकारी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में वाहन चालक धर्मेन्द्र कुमार और अंचल अमीन श्रावण कुमार शर्मा घायल हो गए, जबकि सीओ रानी कुमारी पूरी तरह सुरक्षित बच गईं। जानकारी के अनुसार, सीओ रानी कुमारी, अंचल अमीन और चालक सरकारी वाहन से लोकपुर गांव से नावानगर लौट रहे थे। इसी दौरान दावथ थाना क्षेत्र के परमेश्वरपुर के पास उनकी गाड़ी अचानक सड़क पर मौजूद मिट्टी काटने वाली मशीन से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन में बैठे चालक और अमीन गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल मलियाबाग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चालक धर्मेन्द्र कुमार की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सासाराम रेफर कर दिया। वहीं, अंचल अमीन श्रावण कुमार शर्मा का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
हादसे के बाद सीओ रानी कुमारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी अधिकारी और कर्मचारी लोकपुर से लौट रहे थे, तभी परमेश्वरपुर के पास यह दुर्घटना हो गई। उन्होंने कहा कि टक्कर मिट्टी काटने वाली मशीन से हुई, जिसके कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और यह हादसा हो गया। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर भारी मशीनों की मौजूदगी और लापरवाही के कारण ऐसे हादसे अक्सर हो रहे हैं।
प्रशासन ने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं और आगे की कार्रवाई की जा रही है।