जमुई: सिकंदरा थाना क्षेत्र के कुमार गांव में मां नेतुला मंदिर के समीप दुकान बढ़ाने को लेकर सोमवार देर शाम दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें मंदिर न्यास समिति के सचिव एवं जदयू नेता अनुज कुमार सिंह सहित आठ लोग घायल हुए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरा पहुंचाया गया। पांच घायलों को बेहतर उपचार के लिए जमुई रेफर किया गया है। पुलिस हवाई फायरिंग की सूचना की भी जांच कर रही है।
दुकान विस्तार पर आपत्ति से बढ़ा विवाद
घटना 19 अक्टूबर की शाम करीब साढ़े सात बजे हुई। जानकारी के अनुसार, रामाशीष सिंह मंदिर के पास अपनी दुकान बढ़ा रहे थे। न्यास समिति के सचिव अनुज सिंह ने आपत्ति जताते हुए उन्हें ऐसा करने से मना किया। इसी बात पर विवाद बढ़ा और दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।
एक पक्ष के छह और दूसरे के दो घायल
अनुज सिंह के पक्ष से छह लोग घायल हुए। इनमें उनके भाई संजय सिंह, चचेरे भाई चुन्नू सिंह, पुत्र सत्यम सिंह और परिवार के सदस्य चंदन सिंह शामिल हैं। दूसरे पक्ष से रामाशीष सिंह और बम भोला सिंह जख्मी हुए। चिकित्सकों ने अनुज, संजय, चुन्नू, सत्यम और चंदन को जमुई रेफर किया।
पहले से विवाद होने की जानकारी
सिकंदरा थानाध्यक्ष विकास कुमार के अनुसार, दोनों पक्ष आपस में गोतिया हैं। उनके बीच पहले से विवाद होने की जानकारी मिली है। रामाशीष सिंह और उनके पुत्रों द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने की सूचना भी सामने आई है। पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है; फिलहाल फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। jagran.com
Tags: