नशीले इंजेक्शन तस्करी में दो आरोपी दबोचे

Update: 2026-07-03 09:09 GMT

Bihar: पश्चिम चंपारण जिले के मैनाटाड़ क्षेत्र में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने नशीले इंजेक्शन की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में 294 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं और एक युवक के साथ एक नाबालिग लड़की को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, बसंतपुर एसएसबी को गुरुवार शाम सूचना मिली थी कि बसंतपुर गांव के रास्ते नशीले इंजेक्शन की बड़ी खेप नेपाल भेजी जाने वाली है। सूचना के आधार पर एसएसबी ने पिलर संख्या 416/4 के पास नाकेबंदी की और निगरानी शुरू कर दी। कुछ ही देर बाद एक बाइक पर सवार एक युवक और एक लड़की वहां पहुंचे। संदेह होने पर जब उनकी तलाशी ली गई तो उनके बैग से भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। बरामद इंजेक्शनों में क्रोबोमेथाजीन 99, बुप्रेनॉर्फिन 98 और डाइजेपाम 97 शामिल हैं, कुल मिलाकर 294 इंजेक्शन जब्त किए गए।

गिरफ्तार युवक की पहचान बसंतपुर गांव निवासी नजीर मियां के रूप में हुई है, जबकि पकड़ी गई लड़की नेपाल के परवानीपुर क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग बताई गई है। दोनों को जब्त इंजेक्शन और बाइक के साथ मैनाटाड़ थाना पुलिस को सौंप दिया गया। ड्रग इंस्पेक्टर सतीश कुमार सिंह ने बरामद सामग्री की जांच की और पुष्टि की कि ये सभी प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी नजीर मियां ने स्वीकार किया कि उसने यह इंजेक्शन रक्सौल से खरीदे थे और इन्हें नेपाल भेजने की योजना थी।

मैनाटाड़ थानाध्यक्ष बब्लू कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और नजीर मियां को न्यायिक हिरासत में बेतिया भेज दिया गया है। नाबालिग लड़की के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।

Tags:    

Similar News