भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले में दीपावली की रात छठ पूजा का गीत बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद दर्दनाक घटना सामने आई है। बिहिया थाना क्षेत्र के रामडिहरा गांव में एक स्कॉर्पियो ने सात लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि गाना बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद स्कॉर्पियो चालक ने जानबूझकर लोगों को कुचला। हालांकि, पुलिस शुरुआती जांच में इसे दुर्घटना का मामला मान रही है। 8 नवंबर की रात की है। रामडिहरा गांव में दीपावली का त्योहार मनाया जा रहा था। गांव के सूर्य मंदिर के पास छठ पूजा से जुड़े गीत बज रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार एक व्यक्ति वहां पहुंचा और गाना बंद करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया।
मृतक के बेटे रोहित के अनुसार, स्कॉर्पियो सवार व्यक्ति ने उनके भाई मुन्ना यादव से गाना बंद करने के लिए कहा था। इस दौरान दोनों के बीच गाली-गलौज हुई। विवाद बढ़ने पर मुन्ना यादव ने फोन करके परिवार के अन्य सदस्यों को बुला लिया। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार व्यक्ति वहां से चला गया।
परिजनों का आरोप है कि कुछ देर बाद जब परिवार के सदस्य और अन्य लोग एकत्र होकर बातचीत कर रहे थे, तभी स्कॉर्पियो चालक दोबारा वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए वहां मौजूद लोगों को टक्कर मार दी। इस दौरान कई लोग वाहन की चपेट में आ गए। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि टक्कर मारने के बाद चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और कुछ लोगों को घसीटते हुए आगे निकल गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने वाहन का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों भाइयों की पहचान रामडिहरा गांव के वार्ड नंबर 17 निवासी रामनरेश यादव के पुत्र कमलेश यादव और दिनेश यादव के रूप में हुई है। कमलेश यादव की उम्र 45 वर्ष और दिनेश यादव की उम्र 55 वर्ष बताई गई है। दोनों वाहन व्यवसाय से जुड़े हुए थे। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और परिवार के लोगों ने घायलों को तत्काल आरा सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू किया। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण दोनों भाइयों की जान नहीं बचाई जा सकी। आरा सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अशोक कुमार के अनुसार, घटना के बाद पांच से छह लोगों को गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया था। कमलेश यादव की अस्पताल पहुंचने के दौरान मौत हो गई। उनके सिर और मुंह से काफी खून बह रहा था।
वहीं, दिनेश यादव के सीने पर वाहन चढ़ने के कारण गंभीर अंदरूनी चोटें आई थीं। अन्य घायलों के हाथ-पैर सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें लगी हैं। चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया और आवश्यक चिकित्सा शुरू की। घायलों में रमेश यादव के 13 वर्षीय पुत्र कृष्णा कुमार और राजेश कुमार के 15 वर्षीय पुत्र रितु कुमार भी शामिल हैं। तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों के स्वास्थ्य पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है। इस घटना के बाद रामडिहरा गांव में शोक का माहौल है। दीपावली की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। दो सगे भाइयों की एक साथ मौत होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
Tags: