फॉर्च्यूनर-स्कूटी भिड़ंत में दर्दनाक हादसा

Update: 2026-07-04 10:07 GMT

मुजफ्फरपुर: के बोचहां थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। आदिगोपालपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने स्कूटी सवार दो युवतियों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में एक युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी ने अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। मृतकों की पहचान बोचहां के शर्फुद्दीनपुर (गोपालपुर) निवासी नेहा कुमारी (20) और निशु कुमारी (22) के रूप में हुई है। दोनों सहेलियां थीं और एक निजी बैंक से जुड़ी फाइनेंस कंपनी में महिला समूह के साथ काम करती थीं। बताया जा रहा है कि दोनों शनिवार को अपनी स्कूटी (BR06DQ8161) से शर्फुद्दीनपुर से मुजफ्फरपुर शहर की ओर जा रही थीं, तभी यह हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूर्णिया की ओर से आ रही वीआईपी नंबर (BR01BB0001) वाली फॉर्च्यूनर कार की रफ्तार काफी तेज थी। पेट्रोल पंप के पास चालक ने नियंत्रण खो दिया और स्कूटी को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और वहां अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों युवतियों को गाड़ी से निकालकर अस्पताल भेजा, लेकिन नेहा कुमारी को डॉक्टरों ने मौके पर ही मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल निशु कुमारी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ समय बाद उसकी भी मौत हो गई।

हादसे के बाद फॉर्च्यूनर का चालक भी घायल हो गया था, लेकिन वह और गाड़ी में सवार अन्य लोग पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके से फरार हो गए। बताया गया कि चालक का सिर भी फट गया था, इसके बावजूद सभी लोग भागने में सफल रहे। सूचना मिलने पर बोचहां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, वाहन मालिक और फरार लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद शर्फुद्दीनपुर गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।

Tags:    

Similar News