तिलक समारोह: आकाश दीप ने “घर चले जाइए”, भीड़ से लगाई गुहार

Update: 2026-06-22 14:26 GMT

Bihar: रोहतास जिले के शिवसागर प्रखंड स्थित बड्डी गांव में आयोजित भारतीय क्रिकेटर आकाश दीप के तिलक समारोह के दौरान एक भावुक और गंभीर स्थिति देखने को मिली। समारोह के बीच आकाश दीप ने हाथ जोड़कर लोगों से कार्यक्रम स्थल खाली करने और अपने-अपने घर लौटने की अपील की। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सूचना के अनुसार, यह अपील प्रशासनिक निर्देश, खराब मौसम और बढ़ती भीड़ को देखते हुए की गई। आकाश दीप ने लोगों से कहा कि प्रशासन की ओर से भीड़ को अधिक देर तक रोकने की अनुमति नहीं है और कार्यक्रम को रात 12 बजे तक ही संपन्न करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि मौसम खराब होने की संभावना है, जिससे लोगों को परेशानी और वाहनों के फंसने का खतरा हो सकता है।

आकाश दीप ने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि वे भोजन करने के बाद सुरक्षित रूप से अपने घर लौट जाएं। उन्होंने कहा कि वे गांव में ही रहते हैं और लोग जब चाहें उनसे मिल सकते हैं, लेकिन इस समय परिवार का निजी कार्यक्रम चल रहा है और नियमों का पालन जरूरी है।

उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति में सिर्फ प्रशासन ही नहीं बल्कि वहां मौजूद लोग भी जिम्मेदार होंगे। इस दौरान मौके पर मौजूद थाना प्रभारी ने भी लोगों से शांति बनाए रखते हुए कार्यक्रम स्थल खाली करने की अपील की।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि बारिश की संभावना और भीड़ नियंत्रण को देखते हुए यह निर्णय लिया गया। इसके बाद धीरे-धीरे लोगों ने कार्यक्रम स्थल खाली करना शुरू कर दिया और स्थिति सामान्य हो गई।

Tags:    

Similar News