आधी रात अस्पताल में मचा हड़कंप, आग लगते ही नवजातों को लेकर भागीं महिलाएं
नवजात बच्चों को गोद में लेकर निकलीं महिलाएं
दरभंगा: बिहार के दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) के मदर चाइल्ड हॉस्पिटल (MCH) में शुक्रवार आधी रात अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। बिजली के पैनल में शॉर्ट सर्किट के बाद निकली चिंगारी और धमाके की आवाज से वार्ड में मौजूद प्रसूताएं और उनके परिजन घबरा गए। देखते ही देखते धुआं फैलने लगा और कई महिलाएं अपने नवजात बच्चों को गोद में लेकर वार्ड से बाहर भागने लगीं।
बिजली पैनल में धमाके के बाद लगी आग
जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 12 बजे की है। MCH के ग्राउंड फ्लोर पर लगे विद्युत पैनल में अचानक धमाके की आवाज हुई। इसके बाद तारों से चिंगारियां निकलने लगीं और आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही देर में वार्ड के आसपास धुआं फैल गया। धुएं और आग की वजह से अस्पताल में भर्ती महिलाओं, उनके परिजनों और स्वास्थ्य कर्मचारियों में दहशत फैल गई। सबसे ज्यादा चिंता नवजात बच्चों को लेकर थी। कई महिलाएं अपने बच्चों को गोद में उठाकर सुरक्षित स्थान की ओर निकल गईं।
मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला
घटना की जानकारी मिलने पर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अमित कुमार झा और सुरक्षा सुपरवाइजर महेश सिंह मौके पर पहुंचे। सुरक्षा गार्डों, नर्सिंग स्टाफ और स्थानीय लोगों की मदद से वार्ड में भर्ती मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। इसके बाद महिला मरीजों को न्यू सर्जरी ब्लॉक के ग्राउंड फ्लोर पर शिफ्ट किया गया। ऑपरेशन वाले मरीजों को ट्रायज एरिया और सीसीडब्ल्यू में भर्ती कराया गया, ताकि उनका इलाज प्रभावित न हो।
आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
अस्पताल कर्मचारियों ने अग्निशमन विभाग की गाड़ियों के पहुंचने से पहले ही आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी थी। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया। समय रहते मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिए जाने से बड़ी दुर्घटना टल गई। अस्पताल प्रशासन के अनुसार घटना में किसी व्यक्ति की जान जाने या घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि बिजली के उपकरणों को नुकसान पहुंचा है, जिसका आकलन किया जा रहा है।
शॉर्ट सर्किट के कारणों की जांच
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई है। अस्पताल प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि विद्युत पैनल में अचानक शॉर्ट सर्किट कैसे हुआ। साथ ही क्षतिग्रस्त बिजली उपकरणों और वायरिंग की भी जांच की जा रही है।
DMCH क्षेत्र का प्रमुख सरकारी अस्पताल है और इसके MCH में माताओं तथा बच्चों के इलाज के लिए 100 बेड की व्यवस्था दर्ज है। ऐसे में आधी रात लगी आग से कुछ समय के लिए गंभीर स्थिति पैदा हो गई थी। हालांकि अस्पताल कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों की तत्काल कार्रवाई से मरीजों को सुरक्षित निकाल लिया गया। घटना के बाद अस्पताल में बिजली और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच भी महत्वपूर्ण हो गई है। फिलहाल प्रभावित मरीजों को दूसरे सुरक्षित हिस्सों में शिफ्ट कर उपचार जारी रखा गया है।