Bihar: मुजफ्फरपुर के ऐतिहासिक लंगट सिंह महाविद्यालय (एलएस कॉलेज) का 127वां स्थापना दिवस शुक्रवार, 3 जुलाई को धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर कॉलेज परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है, जिससे पूरा वातावरण आकर्षक नजर आ रहा है। आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
स्थापना दिवस का मुख्य समारोह कॉलेज के आचार्य जेबी कृपलानी सभागार में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर “बिहार में शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास को गति प्रदान करने में राष्ट्रीय शिक्षा नीति की भूमिका” विषय पर विशेष संगोष्ठी का आयोजन होगा, जिसमें देश और राज्य के कई प्रमुख शिक्षाविद भाग लेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चन्द्र राय करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षा विभाग (उच्च शिक्षा) के निदेशक प्रो. एनके अग्रवाल उपस्थित रहेंगे, जबकि कुलसचिव प्रो. समीर कुमार शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कॉलेज की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने कहा कि 127 वर्षों की यह यात्रा शैक्षणिक विकास और सामाजिक बदलाव की गवाह रही है। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि आत्ममंथन और भविष्य की दिशा तय करने का अवसर भी है। पिछले एक वर्ष में कॉलेज में शैक्षणिक गुणवत्ता और छात्र सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं।
समारोह को लेकर कॉलेज प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अतिथियों के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। तैयारियों का जायजा लेने के दौरान कई शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।