Bihar: सीवान जिले के बड़हरिया प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों में गर्मी की छुट्टियों के बाद मंगलवार को ‘स्वागत सप्ताह’ की शुरुआत उत्साह के साथ हुई। स्कूल खुलते ही विद्यार्थियों का रोली-चंदन, पुष्पवर्षा, फूल-माला, चॉकलेट और मिठाई देकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान विद्यालयों का पूरा माहौल खुशी और उत्साह से भर गया। विद्यालय पहुंचे नए और पुराने विद्यार्थियों को शिक्षकों ने तिलक लगाकर और फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया। बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी और लंबे अंतराल के बाद स्कूल लौटने पर उन्होंने भी उत्साह दिखाया।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि ‘स्वागत सप्ताह’ का मुख्य उद्देश्य बच्चों को सकारात्मक वातावरण देना और छुट्टियों के बाद उन्हें फिर से विद्यालय से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि पहले दिन ऐसा माहौल बनाने का प्रयास किया जाता है जिससे बच्चों की उपस्थिति और नियमितता बढ़े। मध्य विद्यालय पहाड़पुर में प्रधानाध्यापक राजाराम मांझी के नेतृत्व में विद्यार्थियों का तिलक और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। शिक्षकों ने बच्चों को फूल भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एनपीएस सदरपुर पूरब टोला में प्रधानाध्यापक रुपेश कुमार के नेतृत्व में चेतना सत्र के बाद बच्चों को रोली-चंदन लगाया गया और इसके बाद पुष्पवर्षा कर चॉकलेट, बिस्किट और मिठाई वितरित की गई। यहां बच्चों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला। उत्क्रमित मध्य विद्यालय सुहावनहाता में प्रधानाध्यापिका संगीता कुमारी के नेतृत्व में विद्यार्थियों को कॉपी, कलम और अन्य उपयोगी उपहार भी दिए गए। कई विद्यालयों में प्रवेश द्वार और पूरे परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया ताकि बच्चों को प्रेरणादायक माहौल मिल सके।
हालांकि पहले दिन कई विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन मौजूद बच्चों का शिक्षकों ने पूरे आत्मीयता और उत्साह के साथ स्वागत किया। शिक्षकों ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित भी किया। इस अवसर पर कई शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे, जिन्होंने मिलकर बच्चों के स्वागत को यादगार और प्रेरणादायक बनाने का प्रयास किया। पूरे क्षेत्र में ‘स्वागत सप्ताह’ को लेकर सकारात्मक माहौल देखा गया और इसे बच्चों की शिक्षा से जोड़ने की एक अच्छी पहल के रूप में देखा जा रहा है।