Sitamarhi: NDA की रिकॉर्ड जीत पर पीएम मोदी का भरोसा, बिहार चुनाव 2025

Update: 2025-11-08 09:59 GMT

Sitamarhi: PM मोदी ने बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान के बाद NDA की जीत का दावा किया है। उन्होंने सीतामढ़ी में शनिवार को चुनावी रैली को संबोधित करते हुए लालू और तेजस्वी यादव की पार्टी आरजेडी और महागठबंधन पर हमला किया। मोदी ने कहा कि पहले चरण के मतदान में “जंगलराज वालों को 65 वोल्ट का झटका” लगा। उन्होंने दावा किया कि बिहार के युवाओं और महिलाओं ने NDA को चुना और NDA की रिकॉर्ड विजय पक्की हो गई है।

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि आरजेडी के नेता युवाओं को कट्टा और रंगदार बनाने की बात कर रहे हैं। मोदी ने कहा कि बिहार के बच्चों को डॉक्टर, इंजीनियर, वकील और जज बनाना चाहिए, न कि रंगदार। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष अपने बच्चों को मंत्री, सांसद या मुख्यमंत्री बनाना चाहता है। मोदी ने कहा कि आरजेडी के शासन में बिहार में विकास ठप हो गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान कोई बड़ी फैक्ट्री या उद्योग नहीं लगा, और पहले से मौजूद फैक्ट्रियां भी बंद हो गईं।

PM ने CM नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने बिहार में विश्वास और विकास लौटाया है। अब निवेशक बिहार में आ रहे हैं और नई फैक्ट्रियां बन रही हैं। उन्होंने रीगा चीनी मिल के शुरू होने का उदाहरण भी दिया। बता दें कि बिहार में दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर होगा। चुनाव प्रचार रविवार शाम को खत्म हो जाएगा। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को हुआ था, जिसमें 18 जिलों की 121 सीटों पर 65.08 प्रतिशत मतदान हुआ, जो बिहार के चुनाव इतिहास में रिकॉर्ड है। मतगणना 14 नवंबर को होगी।

Tags:    

Similar News