Patna पटना। बिहार चुनावी माहौल में एनडीए के समर्थन में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब किसी भी कीमत पर जंगलराज की वापसी नहीं चाहती। चौहान ने विपक्षी महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि तेजस्वी यादव का परिवार बिखर चुका है और आने वाले चुनावों में राजद को करारी हार (महापराजय) का सामना करना पड़ेगा। चौहान ने कहा, “एकतरफा माहौल है, बिहार की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए के कामकाज से पूरी तरह संतुष्ट है। जंगलराज की यादें आज भी लोगों के जेहन में ताज़ा हैं। तेजस्वी यादव की राजनीति अब जनता के बीच भरोसा नहीं जगा पा रही है।
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी हमला बोलते हुए कहा कि “राहुल गांधी ने हस्तक्षेप कर वोट चोरी की बात कही, जिससे जनता ने मान लिया कि अगर गलत नाम हट गए तो इसमें क्या दिक्कत है? उनकी यह टिप्पणी जनता के मन में शक पैदा करने वाली रही है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार में प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता, नीतीश कुमार की योजनाओं और एनडीए सरकार के सुशासन मॉडल ने मिलकर जनता के बीच एक प्रचंड लहर पैदा कर दी है। उन्होंने दावा किया कि राज्य की माताएं, बहनें और बेटियां पूरी ताकत से एनडीए के साथ खड़ी हैं, और यह वर्ग ही चुनावी जीत का निर्णायक साबित होगा।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महागठबंधन अब केवल औपचारिकता तक सीमित रह गया है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, “जब परिवार ही बिखर गया तो पार्टी कैसे एकजुट रह पाएगी? जनता अब झूठे वादों से ऊब चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार में एनडीए की प्रचंड जीत तय है और राजद को इतिहास की सबसे बड़ी हार झेलनी पड़ेगी। चौहान ने कहा, “यह चुनाव विकास और स्थिरता के पक्ष में जनादेश साबित होगा।”