बेतिया: पश्चिम चंपारण के नगर थाना क्षेत्र स्थित पावर हाउस चौक नुनिया पट्टी में शनिवार शाम 28 वर्षीय नेहा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह अनिल कुमार की पत्नी थीं। सूचना पर पहुंचे मायके वालों को उनका शव कमरे में बिस्तर पर मिला। परिजनों का कहना है कि ससुराल के सदस्य घर पर नहीं थे।
नेहा के पिता मोतीलाल प्रसाद ने आरोप लगाया कि पति बुलेट बाइक की मांग को लेकर उनकी बेटी को प्रताड़ित करता था। मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट की जाती थी। पहले पंचायत भी हुई, लेकिन स्थिति नहीं सुधरी। पिता के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले नेहा ने फोन करके मारपीट और परेशानी की जानकारी दी थी।
नेहा की शादी आठ मई 2023 को हुई थी। उनका दो वर्षीय बेटा है। पिता ने पति और अन्य ससुराल वालों पर मिलकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा है। नगर थानाध्यक्ष विनय कुमार के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल जांच जारी है; हत्या के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।
Tags: