बिहार: सरकारी डिग्री कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने का सपना देख रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। राज्य के 211 राजकीय डिग्री कॉलेजों में 3687 संविदा आधारित असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए आवेदन ऑनलाइन समर्थ पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है। आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 तय की गई है।
यह भर्ती बिहार राज्य विश्वविद्यालय आयोग के नए नियमों के तहत की जा रही है। चयन प्रक्रिया में स्क्रीनिंग, इंटरव्यू और मेरिट लिस्ट शामिल है। आयोग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार 17 और 18 जुलाई को इंटरव्यू लेटर जारी किए जाएंगे। इसके बाद 20 से 27 जुलाई तक अभ्यर्थियों का इंटरव्यू होगा और 29 जुलाई को अंतिम मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को 7 अगस्त 2026 तक अपने आवंटित कॉलेजों में योगदान देना होगा।
इस भर्ती में कुल छह विषय शामिल किए गए हैं। इनमें अंग्रेजी के 674 पद, इतिहास के 662 पद, हिंदी के 635 पद, अर्थशास्त्र के 597 पद, राजनीति विज्ञान के 596 पद और समाजशास्त्र के 533 पद शामिल हैं। सबसे ज्यादा पद अंग्रेजी विषय में रखे गए हैं। आवेदन के लिए उम्मीदवार का संबंधित विषय में कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ पोस्ट ग्रेजुएशन होना जरूरी है। साथ ही NET, SET या PhD योग्यता अनिवार्य की गई है। अभ्यर्थी भारतीय नागरिक होना चाहिए।
उम्र सीमा की बात करें तो न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम 43 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट दी जाएगी। इस भर्ती को राज्य के उच्च शिक्षा क्षेत्र में एक बड़ी नियुक्ति प्रक्रिया माना जा रहा है, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा।