पहले और तीसरे मंगलवार को लगेगी जनसहयोग शिविर

Update: 2026-07-06 12:11 GMT

रोहतास:  जिला प्रशासन ने आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीण स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ अभियान के तहत पंचायतवार सहयोग शिविर के कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया है। इस संबंध में डीएम दीपक कुमार मिश्र और एसपी रौशन कुमार ने संयुक्त आदेश जारी किया है।

नए आदेश के अनुसार अब हर महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को सभी चिन्हित पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। पहले जारी किए गए कार्यक्रम में आंशिक बदलाव करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे तय शेड्यूल के अनुसार शिविरों का संचालन सुनिश्चित करें।

इन पंचायत सहयोग शिविरों का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को अपनी शिकायतें और समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर देना है। जिला प्रशासन का कहना है कि इन शिविरों के माध्यम से शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निपटारा किया जाएगा, ताकि लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जारी आदेश की प्रतिलिपि सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों, थानाध्यक्षों, अनुमंडल पदाधिकारियों और जिला स्तरीय अधिकारियों को भेजी गई है। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस पहल का उद्देश्य जनता और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना और जमीनी स्तर पर समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। इस व्यवस्था से ग्रामीण इलाकों में प्रशासनिक पहुंच और पारदर्शिता दोनों में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Tags:    

Similar News