बिहार टेलीकॉम कंपनियों को नई सुविधा, ड्रम सप्लाई से राहत

Update: 2026-06-17 13:00 GMT

Bihar:बिहार सरकार ने दूरसंचार सेवाओं को निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए बड़ा फैसला लिया है। पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल की खुदरा बिक्री पर अस्थायी प्रतिबंध के बावजूद मोबाइल टावरों के संचालन के लिए टेलीकॉम कंपनियों को विशेष छूट दी गई है। अब जियो, एयरटेल और इंडस टावर्स जैसी कंपनियां मोबाइल टावरों और नेटवर्क उपकरणों के लिए ड्रम और कंटेनरों में डीजल प्राप्त कर सकेंगी।

सरकार ने सभी जिलों को जारी किया निर्देश

खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव दीपक आनंद ने राज्य के सभी जिला पदाधिकारियों को पत्र भेजकर इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि दूरसंचार सेवाओं में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए।

आवश्यक सेवा के तहत मिली छूट

विभागीय जानकारी के अनुसार टेलीकॉम कंपनियों ने सरकार को बताया था कि मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं “एसेंशियल सर्विसेज मेंटेनेंस एक्ट, 1968” के तहत आवश्यक सेवाओं में आती हैं। ऐसे में डीजल आपूर्ति बाधित होने पर नेटवर्क सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं, जिससे आम जनता को परेशानी होती।

केंद्र सरकार के आदेश के बाद लिया गया निर्णय

गौरतलब है कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 11 जून को एक आदेश जारी कर पेट्रोल पंपों से बोतल, ड्रम और अन्य कंटेनरों में पेट्रोल-डीजल की बिक्री पर अस्थायी रोक लगाई थी। हालांकि बिहार सरकार ने साफ किया है कि टेलीकॉम सेवाओं को इस प्रतिबंध से बाहर रखा गया है ताकि नेटवर्क संचालन प्रभावित न हो।

जियो, एयरटेल और इंडस टावर्स को मिलेगा फायदा

सरकार के इस फैसले से जियो, एयरटेल और इंडस टावर्स सहित अन्य कंपनियों को राहत मिलेगी। मोबाइल टावरों को लगातार बिजली और ईंधन आपूर्ति मिलती रहेगी, जिससे राज्य में मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं सुचारू रूप से चलती रहेंगी। अधिकारियों का मानना है कि इस निर्णय से आम लोगों को नेटवर्क समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।

Tags:    

Similar News