muzaffarpur मुज़फ़्फ़पुर : जिले के औराई थाना क्षेत्र में रविवार देर रात बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने एक झोलाछाप डॉक्टर को लूटपाट के दौरान गोली मार दी। इस घटना में चिकित्सक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
अपराधी उनके पास से 5400 रुपये नकद और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घटना औराई थाना क्षेत्र के बभनगामा गांव निवासी निजामुद्दीन के साथ हुई, जो पेशे से एक झोलाछाप डॉक्टर हैं और सीतामढ़ी जिले में अपने एक साथी के साथ क्लीनिक चलाते हैं। रविवार रात वे अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में जोका पुल के पास राजखंड-पुपरी मार्ग पर तीन बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और बाइक की चाबी मांगी।
निजामुद्दीन ने तुरंत चाबी निकाल ली, जिससे नाराज होकर अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। गोली उनके दाहिने पैर में लगी, जिससे वे मौके पर गिर गए। इसके बाद अपराधी उनसे नकदी और मोबाइल लूटकर हथियार लहराते हुए समस्तीपुर की ओर फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे औराई थानाध्यक्ष राजा सिंह पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल को प्राथमिक उपचार के लिए औराई सीएचसी में भर्ती करवाया। बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया गया। औराई थानाध्यक्ष राजा सिंह ने बताया कि घायल के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले की गहन जांच जारी है।