Bihar बिहार: भोजपुरी स्टार और गायक पवन सिंह के विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा पर अब भाजपा सांसद मनोज तिवारी का बड़ा बयान सामने आया है। मनोज तिवारी ने कहा कि पवन सिंह विधानसभा नहीं, बल्कि लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा रखते हैं। उन्होंने कहा, “पवन सिंह विधानसभा चुनाव लड़ना ही नहीं चाहते। वो सांसद बनना चाहते हैं। हमने उन्हें पहले आसनसोल से टिकट दिलवाया था, और भविष्य में हम उन्हें सही जगह से चुनाव लड़वाएंगे।”
इस बयान के बाद पवन सिंह को लेकर भाजपा के भीतर संभावित रणनीति और उनकी राजनीतिक भूमिका को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। तिवारी ने कहा कि पार्टी में पवन सिंह की लोकप्रियता और जनाधार को देखते हुए उनके लिए उचित क्षेत्र और समय पर फैसला लिया जाएगा।
गौरतलब है कि हाल ही में पवन सिंह ने सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया था कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में हिस्सा नहीं लेंगे। हालांकि, उनके समर्थकों ने उन्हें कई सीटों से संभावित उम्मीदवार के रूप में देखा था। मनोज तिवारी के इस बयान से यह संकेत मिल रहा है कि भाजपा पवन सिंह को भविष्य में लोकसभा चुनाव के लिए एक अहम चेहरा बना सकती है, खासकर भोजपुरी बेल्ट में उनकी लोकप्रियता को देखते हुए।