कुढ़नी उपचुनावः गठबंधन के बाद नीतीश-तेजस्वी ने अपनी पहली संयुक्त राजनीतिक रैली को किया संबोधित

बड़ी खबर

Update: 2022-12-03 11:30 GMT
मुजफ्फरपुर। करीब चार महीने पहले गठजोड़ के बाद पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से एक राजनीतिक रैली को संबोधित किया। दोनों ने कुढ़नी विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए प्रचार किया। इस सीट पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मौजूदा विधायक अनिल सहनी को अयोग्य करार दिए जाने के कारण उपचुनाव हो रहा है। सत्तारूढ़ महागठबंधन से इस बार मुख्यमंत्री नीतीश की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) ने अपने उम्मीदवार को उतारा है। अगस्त में भाजपा का साथ छोड़ राजद से हाथ मिलाने वाले नीतीश ने कहा, ''अन्य सभी दल साथ आ गए हैं और वे (भाजपा) अकेले रह गए हैं। उनके नेता, जो अपनी ही पार्टी में दरकिनार कर दिए गए हैं, हमें निशाना बनाकर अपनी किस्मत चमकाने की कोशिश कर रहे हैं।'' मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ''उनके खेमे में प्रचार-प्रसार के अलावा कुछ नहीं होता। वे विशेष दर्जे की श्रेणी की हमारी मांग से सहमत नहीं थे। अगर मान लिया होता तो बिहार और भी तेज गति से आगे बढ़ता। मुझे लगता है हम पुरानी जगह पर लौट आए हैं। अब हम साथ काम करेंगे।''
जद(यू) नेता ने दावा किया कि महागठबंधन सरकार सभी के लिए काम करती है लेकिन उसके प्रयासों का 'पर्याप्त प्रचार' नहीं होता है। नीतीश कुमार ने कहा, ''पत्रकारों को ऊपर से दबाव के कारण हमारी उपलब्धियों की रिपोर्ट नहीं करने के लिए कहा जाता है...हमारी सरकार ऐसी सरकार है जो सभी के लिए काम करती है और समाज को हिंदू बनाम मुस्लिम जैसे विभाजनकारी चश्मे से नहीं देखती है।'' उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी को ''2024 की लड़ाई हारने का डर सता रहा है।'' उन्होंने अपने पिता और राजद के संस्थापक अध्यक्ष लालू प्रसाद के नाम पर वोट की अपील करते हुए कहा, ''आप 5 दिसंबर को वोट डालेंगे, जिस दिन लालू जी का किडनी ट्रांसप्लांट होगा। मैं उनके साथ रहने के लिए सिंगापुर जा रहा हूं। मैंने उनसे बात की है और वह जानना चाहते थे कि कुढ़नी में हवा किस तरफ बह रही है। मैंने उन्हें आश्वासन दिया है कि महागठबंधन जीत हासिल करेगा।'' यादव ने कहा कि उनके पिता ने अदालती मामलों का सामना किया और जेल में रहे जिससे उनके स्वास्थ्य पर असर पड़ा है। यादव ने कहा, ''लेकिन वह भाजपा से कभी नहीं डरे। मेरी रगों में वही खून बहता है।'' उपमुख्यमंत्री ने लोगों से जद(यू) उम्मीदवार मनोज सिंह कुशवाहा के पक्ष में मतदान के लिए कहा।
Tags:    

Similar News

-->