लगातार बढ़ रहे अपहरण के मामले

Update: 2026-07-01 15:51 GMT

Bihar: सारण जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग गांवों से दो युवतियों के कथित अपहरण का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया है. दोनों मामलों में परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी और युवतियों की बरामदगी के लिए छापेमारी अभियान तेज कर दिया है.

पहला मामला बंगरा गांव का है, जहां जयशंकर शर्मा ने अपनी पुत्री के कथित अपहरण की शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में उन्होंने डोरीगंज थाना क्षेत्र के मखदूमगंज निवासी रामाशंकर शर्मा के पुत्र निखिल शर्मा को नामजद आरोपी बनाया है. परिजनों का कहना है कि युवती सिलाई सीखने गई थी, जिसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी. इसके बाद परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया.

दूसरी घटना सवरी गांव की है, जहां रंजु देवी ने अपनी पुत्री के कथित अपहरण का आरोप लगाया है. उन्होंने गांव के ही मुन्ना राम के पुत्र रोहन राम, लक्ष्मीना देवी समेत दो अन्य लोगों को नामजद किया है. इस मामले में भी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

जलालपुर थानाध्यक्ष पप्पू कुमार ने बताया कि दोनों मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है. पुलिस टीमों को संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी के निर्देश दिए गए हैं. युवतियों की सुरक्षित बरामदगी को प्राथमिकता दी जा रही है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है.

एक ही थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग गांवों से युवतियों के लापता होने की घटनाओं के बाद इलाके में तनाव और चर्चा का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोग पुलिस कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं और जल्द समाधान की उम्मीद कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा.

Tags:    

Similar News