खेसारी लाल बोले—हम आपके साथ हैं

Update: 2026-06-22 10:20 GMT

Bihar: भोजपुर के भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। इस केस में अब भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों की एंट्री भी हो गई है। सोमवार को भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव और गायक गुंजन सिंह बिलौटी गांव पहुंचे और भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात की। दोनों कलाकारों ने परिवार को सांत्वना दी और न्याय की मांग का समर्थन किया।

जानकारी के अनुसार, खेसारी लाल यादव ने परिजनों से मुलाकात कर घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने भरत तिवारी की मां आशा देवी और अन्य परिवारजनों को ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि वे इस न्याय की लड़ाई में उनके साथ खड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी परिवार को दी, जिससे माहौल भावुक हो गया।

खेसारी लाल यादव ने बातचीत के दौरान कहा कि न्याय की मांग जरूर उठनी चाहिए, लेकिन आंदोलन का उद्देश्य केवल सच सामने लाना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि “आंदोलन जरूर जारी रहना चाहिए, लेकिन इसे केवल भीड़ जुटाने का माध्यम नहीं बनाना चाहिए। न्याय सिर्फ होना ही नहीं चाहिए, बल्कि दिखाई भी देना चाहिए।”

उन्होंने सरकार और व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अपराध को खत्म करने के लिए केवल कार्रवाई नहीं, बल्कि शिक्षा और सही दिशा देना जरूरी है। उनके अनुसार, यदि युवाओं को सही मार्गदर्शन नहीं मिलेगा तो वे गलत रास्ते पर जा सकते हैं।

खेसारी लाल ने भावुक होकर कहा कि एक मां का दर्द कोई नहीं समझ सकता और यदि जनप्रतिनिधि भरत तिवारी की मांगों को पूरा कर दें तो वही उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

गांव में उनके पहुंचने की खबर के बाद बड़ी संख्या में लोग जुट गए। स्थानीय लोगों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को और मजबूती से उठाया।

गौरतलब है कि 17 जून को बिलौटी गांव में पुलिस मुठभेड़ में भरत भूषण तिवारी की मौत हुई थी। परिजन इसे फर्जी एनकाउंटर बता रहे हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई आत्मरक्षा में की गई थी।

अब भोजपुरी कलाकारों की एंट्री के बाद यह मामला और अधिक सुर्खियों में आ गया है और सामाजिक व राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

Tags:    

Similar News