इरफान अंसारी बोले- बिहार में बदलाव की लहर, राहुल गांधी नेतृत्व में

Update: 2025-08-25 15:28 GMT

BIHAR बिहार: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने बिहार की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार में अब बदलाव की लहर चल रही है और वर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा भाजपा की सरकार दोबारा नहीं बन पाएगी। उनका दावा है कि अब जनता जाग चुकी है और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को इस बदलाव का नेतृत्वकर्ता मान रही है। इरफान अंसारी ने कहा, "बिहार में शोषण हुआ है। लोगों के अधिकार छीने गए हैं और वोटों से वंचित किया जा रहा है। यह लोग एसआईआर लागू करना चाहते हैं। वोट से तो वंचित कर ही रहे हैं, उसके साथ वोट चोरी भी हो रही है।" उन्होंने बिहार में मतदाता सूची में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि लगभग 65 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं, जो किसी बड़ी साजिश का हिस्सा लगता है।

उन्होंने राहुल गांधी के लगातार जनसंपर्क और लोगों से मिलने की प्रतिबद्धता की तारीफ करते हुए कहा कि "सुबह 7:30 बजे से उठकर लाखों लोगों से मिलना, लगातार जनसंपर्क करना साबित करता है कि लोग अब उनके साथ जुड़ रहे हैं। मैं तो थक गया था, लेकिन राहुल गांधी थकने का नाम नहीं ले रहे।" इरफान अंसारी ने गंभीर आपराधिक आरोपों का सामना कर रहे सांसदों को हटाने के प्रस्ताव वाले विधेयक का कड़ा विरोध किया। उन्होंने इसे नेताओं का मनोबल गिराने की कोशिश बताया और कहा कि यह मजाक और अस्वीकार्य है। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा, "अमित शाह तो सुपरमैन हैं, जो चाहे कर लें। हम क्या ही कर सकते हैं।"

मंत्री ने बिहार में लगातार जनता के अधिकारों का हनन होने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि वोट देने का अधिकार छीना जा रहा है और लोगों को मतदाता सूची से बाहर किया जा रहा है। झारखंड का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां तो 50 हजार वोट लेकर कोई विधायक बन जाता है, जबकि बिहार में बड़े पैमाने पर वोट छिन रहे हैं। इरफान अंसारी ने यह भी कहा कि अब बिहार में लोग उन्हें पहचानते हैं और उनका नाम और चेहरा पहचानना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने इस लोकतांत्रिक बीमारी को पहचान लिया है और वे इसके खिलाफ लड़ रहे हैं।

Tags:    

Similar News