अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, स्वास्थ्य सेवाओं पर असर

Update: 2026-06-19 09:13 GMT

Bihar: सीवान जिले के गुठनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आशा कार्यकर्ताओं ने 11 महीने से मानदेय का भुगतान नहीं होने के विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के कारण स्वास्थ्य केंद्र की ओपीडी सेवाएं प्रभावित हो गई हैं, जबकि आपातकालीन सेवाएं चालू रखी गई हैं।

आशा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार से स्वास्थ्य केंद्र परिसर में प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस आंदोलन का नेतृत्व रीता देवी कर रही हैं। उनके साथ दर्जनों आशा कार्यकर्ताओं ने हड़ताल में हिस्सा लिया और अपनी मांगों को लेकर एकजुट होकर विरोध दर्ज कराया।

आशा कार्यकर्ताओं ने बताया कि उन्होंने एक सप्ताह पहले ही प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शब्बीर अख्तर और बीडीओ नवनीत नमन को सामूहिक ज्ञापन सौंपकर लंबित मानदेय के शीघ्र भुगतान की मांग की थी। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं होने पर उन्हें हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे लंबे समय से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में काम कर रही हैं, लेकिन पिछले 11 महीनों से मानदेय नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। परिवार के भरण-पोषण में भी कठिनाइयां बढ़ गई हैं।

हड़ताल के चलते अस्पताल की ओपीडी सेवाएं प्रभावित हो गई हैं, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि आपातकालीन सेवाएं जारी हैं ताकि गंभीर मरीजों को इलाज मिल सके। आशा कार्यकर्ता रीता देवी ने साफ कहा कि जब तक उनका लंबित मानदेय जारी नहीं किया जाता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं, जिनमें शोभा देवी, रूना देवी, संगीता देवी, उषा देवी, रंभा देवी, सुनीता देवी, पूनम देवी और मंजू देवी शामिल थीं।

Tags:    

Similar News