पटना समेत 15 जिलों में लू का अलर्ट

Update: 2026-06-19 14:27 GMT

Bihar: बिहार में 20 जून को मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कुछ हिस्सों में जहां आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना है, वहीं कई जिलों में भीषण गर्मी और लू का प्रभाव बना रहेगा। मानसून की रफ्तार अभी धीमी है, लेकिन उससे पहले मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है।

उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। सीमांचल क्षेत्र के किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, सहरसा, भागलपुर, बांका और जमुई में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं दूसरी ओर दक्षिण बिहार के कई जिलों में लू का असर जारी रहेगा। पटना, गया, नालंदा, नवादा, जहानाबाद, बेगूसराय, शेखपुरा, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल और कैमूर में तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। उत्तर बिहार में तापमान 36 से 38 डिग्री और सीमांचल में 34 से 36 डिग्री रहने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वज्रपात और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की चेतावनी दी गई है। आने वाले दिनों में उत्तर-पूर्व बिहार में बारिश बढ़ने की संभावना है, जबकि दक्षिण बिहार में अभी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।

Tags:    

Similar News