Bihar: मधुबनी जिले के घोघरडीहा थाना क्षेत्र में चर्चित सरफुद्दीन हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि 1.65 लाख रुपये के लालच में मृतक के ही दोस्त ने अपने साथी के साथ मिलकर उसकी हत्या की थी और बाद में बैंक खाते से पैसे भी निकाल लिए थे। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सरफुद्दीन 15 जून को घर से निकले थे, लेकिन फिर वापस नहीं लौटे। कई दिनों तक तलाश के बाद 27 जून को उनका शव भूतही बलान नदी के पास पानी भरे गड्ढे से बरामद हुआ। शव की पहचान कपड़ों और बेल्ट के आधार पर परिजनों ने की।
एसडीपीओ अमित कुमार के अनुसार, जांच के दौरान बैंक खाते से 18, 20 और 21 जून को लगातार पैसे निकाले जाने की जानकारी मिली, जिससे शक गहराया। इसी आधार पर मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन की जांच की गई।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी मो. सहादत मृतक का दोस्त था और उसे खाते की जानकारी पहले से थी। उसने अपने साथी मो. इरशाद के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। आरोपियों ने हत्या के बाद खाते से रकम निकाली और सबूत मिटाने की कोशिश की।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से एक बाइक, दो मोबाइल, हत्या में इस्तेमाल चाकू और 32 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे जांच जारी है।